Weight Loss Tips: रोज सिर्फ 8500 कदम चलने से कंट्रोल रहेगा वजन! नई रिसर्च में सामने आया मोटापा रोकने का आसान फॉर्मूला

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बढ़ता वजन और मोटापा लोगों के लिए सबसे बड़ी हेल्थ समस्याओं में शामिल हो चुका है। कई लोग डाइटिंग और एक्सरसाइज के जरिए वजन तो कम कर लेते हैं, लेकिन कुछ महीनों बाद वजन दोबारा तेजी से बढ़ने लगता है। अब इसी समस्या को लेकर सामने आई एक नई रिसर्च ने लोगों को बड़ी राहत देने वाली जानकारी दी है। रिसर्च के मुताबिक, रोजाना करीब 8500 कदम चलना वजन को दोबारा बढ़ने से रोकने में बेहद असरदार साबित हो सकता है।

यूरोपियन कांग्रेस ऑन ओबेसिटी (ECO 2026) में पेश की गई इस स्टडी में बताया गया कि जो लोग वजन कम करने के बाद अपनी रोजाना वॉकिंग जारी रखते हैं, उनमें मोटापा दोबारा बढ़ने का खतरा काफी कम हो जाता है। रिसर्च में यह भी दावा किया गया कि 10 हजार कदम चलने का पुराना फॉर्मूला हर किसी के लिए जरूरी नहीं है। लगभग 8500 कदम भी शरीर को फिट रखने और वजन कंट्रोल करने के लिए काफी हो सकते हैं।

वजन कम करने से ज्यादा मुश्किल है उसे बनाए रखना

विशेषज्ञों के अनुसार मोटापा कम करना जितना कठिन है, उससे कहीं ज्यादा मुश्किल वजन को लंबे समय तक कंट्रोल में रखना होता है। रिसर्च में शामिल वैज्ञानिकों ने बताया कि करीब 80 प्रतिशत लोग वजन घटाने के तीन से पांच साल के भीतर फिर से मोटापे का शिकार हो जाते हैं। यही वजह है कि हेल्दी लाइफस्टाइल और नियमित फिजिकल एक्टिविटी को सबसे अहम माना जा रहा है।

रिसर्च में क्या सामने आया?

इस रिसर्च में करीब 4 हजार लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया। इनमें ऐसे लोग शामिल थे जो पहले से ओवरवेट या मोटापे का सामना कर रहे थे। रिसर्च के दौरान कुछ लोगों को डाइटिंग के साथ ज्यादा चलने और एक्टिव रहने की सलाह दी गई, जबकि दूसरे ग्रुप ने केवल डाइटिंग पर फोकस किया।

स्टडी में पाया गया कि जिन लोगों ने अपनी डेली स्टेप काउंट को बढ़ाकर करीब 8450 से 8500 तक पहुंचाया और बाद में भी इसे जारी रखा, उन्होंने वजन को लंबे समय तक कंट्रोल में रखा। वहीं जो लोग एक्टिव नहीं रहे, उनका वजन फिर से बढ़ने लगा।

10 हजार कदम जरूरी नहीं!

काफी समय से 10 हजार कदम रोज चलने की सलाह दी जाती रही है, लेकिन नई रिसर्च ने इस धारणा को चुनौती दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि वजन कंट्रोल के लिए लगातार एक्टिव रहना ज्यादा जरूरी है, न कि सिर्फ किसी तय आंकड़े तक पहुंचना। ऐसे में 8500 कदम का लक्ष्य लोगों के लिए ज्यादा व्यावहारिक और आसान माना जा रहा है।

वॉकिंग क्यों है सबसे आसान एक्सरसाइज?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, वॉकिंग एक ऐसी फिजिकल एक्टिविटी है जिसे हर उम्र के लोग आसानी से अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं। इससे शरीर की कैलोरी तेजी से बर्न होती है, मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी कम होता है। इसके अलावा नियमित चलने से तनाव कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य भी मजबूत बनता है।

वजन कंट्रोल करने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

विशेषज्ञों का कहना है कि केवल वॉकिंग ही नहीं, बल्कि संतुलित खानपान, पर्याप्त नींद और नियमित दिनचर्या भी वजन कम रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर कोई व्यक्ति रोजाना 8500 कदम चलने के साथ हेल्दी डाइट फॉलो करे, तो मोटापा दोबारा बढ़ने का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Check Also

मजबूत हड्डियों का राज: सिर्फ दूध नहीं, ये 5 आदतें भी बचाएंगी कमजोरी और दर्द से

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हड्डियों की कमजोरी और जोड़ों के दर्द की समस्या …