उत्तर प्रदेश में ग्रामीण इलाकों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के मिशन को अब तकनीक का बड़ा सहारा मिल गया है। योगी सरकार ने जल जीवन मिशन को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए ‘जल सारथी’ मोबाइल ऐप को मजबूत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया है। इस ऐप के जरिए अब गांवों में चल रही पानी की योजनाओं की हर छोटी-बड़ी जानकारी आम लोगों तक रियल टाइम में पहुंच रही है। सरकार का दावा है कि इससे योजनाओं की निगरानी पहले से ज्यादा आसान और प्रभावी हो गई है।
गांव स्तर तक दिख रही हर परियोजना की लाइव स्थिति
उत्तर प्रदेश जल निगम ग्रामीण और राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन की इस डिजिटल पहल के तहत राज्य से लेकर गांव स्तर तक अलग-अलग डैशबोर्ड तैयार किए गए हैं। जैसे ही किसी गांव में पानी की टंकी, पाइपलाइन या घरेलू नल कनेक्शन का काम पूरा होता है, उसकी जानकारी तुरंत ऐप पर अपडेट कर दी जाती है। इससे ग्रामीणों को यह जानने में आसानी हो रही है कि उनके इलाके में जलापूर्ति योजना किस चरण में है।
विशेष सचिव और एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर एसडब्ल्यूएसडी, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग प्रभास कुमार के मुताबिक, जल सारथी ऐप के जरिए कोई भी व्यक्ति जल जीवन मिशन से जुड़ी परियोजनाओं की लाइव स्थिति देख सकता है। मल्टी लेवल डैशबोर्ड की मदद से राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव स्तर तक की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध हो रही है।
75 जिलों की हजारों परियोजनाएं ऐप से जुड़ीं
सरकार के अनुसार प्रदेश के 75 जिलों में करीब 58 हजार ग्राम पंचायतें हैं, जहां लगभग 40 हजार परियोजनाओं के माध्यम से हर घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इन सभी योजनाओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है ताकि काम की वास्तविक स्थिति पारदर्शी तरीके से सामने आ सके।
जल सारथी ऐप में जियो टैगिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पानी की टंकियों, पाइपलाइन और अन्य संसाधनों की सटीक लोकेशन दर्ज हो रही है। नागरिक किसी भी गांव में चल रही योजना की स्थिति अपने मोबाइल पर देख सकते हैं। इससे विभागीय अधिकारियों को भी पानी के स्रोत से लेकर घरों तक पहुंच रही सप्लाई की मॉनिटरिंग में मदद मिल रही है।
शिकायत और निगरानी व्यवस्था भी हुई आसान
डिजिटल सिस्टम लागू होने के बाद ग्रामीणों को अब छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। ऐप के जरिए योजनाओं की प्रगति देखने के साथ-साथ शिकायत और फीडबैक प्रक्रिया भी आसान हुई है। सरकार का मानना है कि इससे जलापूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और काम की गुणवत्ता पर भी नजर रखी जा सकेगी।
योगी सरकार का फोकस: हर घर तक साफ पानी
योगी सरकार लगातार जल जीवन मिशन को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाने के साथ-साथ अब तकनीकी निगरानी और डिजिटल ट्रैकिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जल सारथी ऐप को इसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही दोनों सुनिश्चित हो सकें।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
