लंदन में यहूदियों पर आतंकी हमला: बीच सड़क चाकूबाजी से मचा हड़कंप, ईरान समर्थक संगठन ने ली जिम्मेदारी

लंदन। ब्रिटेन की राजधानी लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में बुधवार को हुई एक भयावह घटना ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया है। राह चलते दो यहूदी नागरिकों पर एक 45 वर्षीय शख्स ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। ब्रिटिश पुलिस (मेट्रोपोलिटन पुलिस) ने इस वारदात को ‘आतंकी हमला’ करार देते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस बीच, एक चरमपंथी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है।

लोन वुल्फ अटैक: HAYI ने ली जिम्मेदारी

हमले के कुछ ही समय बाद ‘हरकत अशाब अल यामीन अल इस्लामिया’ (HAYI) नाम के संगठन ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। SITE इंटेलिजेंस ग्रुप के अनुसार, इस संगठन का सीधा संबंध ईरान से हो सकता है। संगठन ने अपने बयान में इसे एक ‘लोन वुल्फ’ (अकेले हमलावर द्वारा किया गया) हमला बताया है। HAYI ने यूरोप के अन्य हिस्सों में भी हाल के महीनों में हुए यहूदी विरोधी हमलों में शामिल होने का दावा किया है।

गोल्डर्स ग्रीन रोड पर खूनखराबा

लंदन पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने 34 और 76 वर्ष के दो यहूदी पुरुषों को अपना निशाना बनाया। जब पुलिस टीम हमलावर को काबू करने पहुंची, तो उसने उन पर भी चाकू से वार करने की कोशिश की। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का हिंसा और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।

ब्रिटिश पीएम ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा, “यहूदी समुदाय पर हमला पूरे ब्रिटेन की साझी सुरक्षा पर हमला है।” स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीएम ने सरकार की आपातकालीन समिति (COBRA) की बैठक बुलाई है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या इस हमले के पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र है।

MI5 की रडार पर ईरान समर्थित साजिशें

खुफिया एजेंसी MI5 के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक साल में ब्रिटेन में ईरान समर्थित कम से कम 20 घातक हमलों की साजिशों को नाकाम किया गया है। गोल्डर्स ग्रीन के इस हमले के बाद आतंकवाद विरोधी दस्ता अलर्ट पर है। जांच की जा रही है कि क्या यह हमला हालिया आगजनी की घटनाओं और लंदन में यहूदी पूजा स्थलों को निशाना बनाने वाली श्रृंखला का हिस्सा है।

Check Also

मिडिल ईस्ट में महातनाव: ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने एस जयशंकर को किया फोन, ‘शांति’ के लिए भारत के साथ बड़ी चर्चा

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया (Midde East) में गहराते सैन्य और कूटनीतिक संकट के बीच ईरान …