नई दिल्ली/चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने से पहले इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख साथियों, कांग्रेस और डीएमके (DMK) के बीच ‘सीट शेयरिंग’ का पेंच बुरी तरह फंस गया है। अगले 48 घंटे इस गठबंधन का भविष्य तय करेंगे, क्योंकि राज्यसभा नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च सिर पर है। इस बीच, राहुल गांधी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को फोन कर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे जन्मदिन की बधाई बताया गया, लेकिन सूत्रों की मानें तो गठबंधन की शर्तों पर छिड़ा घमासान ही इस बातचीत का असली केंद्र था।
खरगे बनाम राहुल: कांग्रेस आलाकमान में बंटी राय
गठबंधन को लेकर कांग्रेस के भीतर दो फाड़ नजर आ रहे हैं। रविवार को सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में मंथन हुआ। सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पुराने संबंधों और ‘विश्वसनीयता’ के आधार पर डीएमके के साथ ही बने रहने के पक्ष में हैं। वहीं, राहुल गांधी का रुख कड़ा है; वे किसी भी कीमत पर ‘सम्मानजनक समझौता’ चाहते हैं। राहुल की टीम का मानना है कि पार्टी को अपनी ताकत के अनुरूप हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
35 सीटें और मंत्री पद: कांग्रेस की डिमांड से स्टालिन असहज
कांग्रेस ने इस बार डीएमके के सामने अपनी मांगों की लंबी फेहरिस्त रखी है। पार्टी कम से कम 35 विधानसभा सीटें, 2 राज्यसभा सीटें और राज्य सरकार में 3 मंत्री पद (सत्ता में भागीदारी) मांग रही है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री स्टालिन साफ कर चुके हैं कि वे कांग्रेस को सरकार में शामिल करने के पक्ष में नहीं हैं। डीएमके का ‘फाइनल ऑफर’ 28 विधानसभा सीटें और 2 राज्यसभा सीटों (एक अभी और दूसरी दो साल बाद) तक सीमित है। बता दें कि पिछली बार कांग्रेस ने 25 सीटों पर चुनाव लड़कर 18 पर जीत दर्ज की थी।
राज्यसभा की रेस: मीनाक्षी नटराजन और पवन खेड़ा के नाम चर्चा में
5 मार्च की समयसीमा के चलते राज्यसभा सीटों पर फैसला लेना कांग्रेस के लिए अनिवार्य हो गया है। तमिलनाडु की 6 खाली हो रही सीटों में से 4 गठबंधन के खाते में आ सकती हैं। चर्चा है कि यदि समझौता होता है, तो कांग्रेस मीनाक्षी नटराजन या पवन खेड़ा को तमिलनाडु के कोटे से राज्यसभा भेज सकती है। दो दिन के भीतर अगर डील फाइनल नहीं हुई, तो नामांकन का मौका हाथ से निकल सकता है, जो कांग्रेस के लिए बड़ा झटका होगा।
क्या अभिनेता विजय की TVK बनेगी कांग्रेस का नया हमसफर?
अगर डीएमके से बात नहीं बनी, तो कांग्रेस के पास अभिनेता विजय की नई पार्टी ‘तमिलनाडु वेत्री कझगम’ (TVK) का विकल्प खुला है। कांग्रेस के आंतरिक सर्वे में विजय की पार्टी को 15-20% वोट मिलने का अनुमान जताया गया है। पार्टी का एक धड़ा मानता है कि राहुल और विजय की जोड़ी तमिलनाडु में ‘चमत्कार’ कर सकती है और कांग्रेस को 60 साल बाद डीएमके की छाया से बाहर निकाल सकती है। कांग्रेस के एक सूत्र ने स्पष्ट कहा, “कार्यकर्ता डीएमके की ‘गुलामी’ छोड़कर विजय के साथ जाना चाहते हैं, अब गेंद डीएमके के पाले में है।”
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
