“नारी का सम्मान और स्वाभिमान ही सशक्त समाज का आधार”: सीएम योगी बोले- 2017 से पहले महिलाओं की सुरक्षा पर लगा था ग्रहण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां चंद्रघंटा के स्वरूप की विधिवत आराधना की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान ही एक सशक्त, समृद्ध और उन्नत समाज की असली नींव है। सीएम योगी ने सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों के माध्यम से यह संदेश दिया कि डबल इंजन सरकार की हर एक नीति और योजना महिलाओं के गरिमापूर्ण जीवन के लिए पूरी तरह समर्पित है।

‘2017 से पहले महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर था संकट’

अपने संबोधन और बयानों में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में राज्य में व्याप्त अराजकता के कारण माताओं और बहनों की सुरक्षा और सम्मान पर लगातार ग्रहण लगा रहता था। आम नागरिकों के कल्याण के बजाय तत्कालीन सत्ता में बैठे लोगों के परिवारों का सशक्तीकरण ही उनकी मुख्य प्राथमिकता हुआ करती थी, जिसके कारण प्रदेश विकास के मामले में पीछे पिछड़ता चला गया।

सरकारी योजनाओं से महिलाओं को मिल रहा संबल

वर्तमान परिदृश्य का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सुशासन के पथ पर चलते हुए महिला सशक्तीकरण के लिए ऐतिहासिक कदम उठा रही है। सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बेटियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिलाओं की पूर्ण सुरक्षा और उनके आर्थिक व सामाजिक स्वावलंबन को सुनिश्चित कर रही है। देश भर में सराहा जा रहा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान आज बेटियों के अस्तित्व की रक्षा और उनके उज्जवल भविष्य की दिशा में एक मजबूत स्तंभ बन चुका है।

Check Also

‘धन के निमित्त धर्म नहीं त्यागूंगा, छिड़ गया युद्ध तो बम-गोले भी दागूंगा’: वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ का कड़ा संदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में भारत सेवाश्रम संघ की काशी शाखा …