नवरात्र पर सीएम योगी का बड़ा संदेश: मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण ही ‘विकसित यूपी’ की असली पहचान

शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने विशेष संदेश में उन्होंने मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय को धर्म, न्याय और सकारात्मकता की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताया है। सीएम योगी ने कहा कि अहंकार, दुराग्रह और नकारात्मक प्रवृत्तियों पर विनम्रता, साहस, शक्ति और संकल्प की विजय का भाव ही मां दुर्गा के नौ स्वरूपों में निहित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसी वैचारिक चेतना से प्रेरित होकर मातृशक्ति को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया है।

‘मिशन शक्ति’ और महिला सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लेख ‘योगी की पाती’ में राज्य सरकार की प्रमुख पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा तथा स्वावलंबन के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी सरकार ने साल 2020 में शारदीय नवरात्र के अवसर पर ही ‘मिशन शक्ति’ अभियान की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य नारी सुरक्षा और सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ना था।

सरकार की दूरदर्शी नीतियों का ही परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश पुलिस बल में लगभग 44,000 से अधिक महिलाएं अपनी सेवाएं दे रही हैं। इसके अलावा, पुलिस भर्ती में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण पूरी तरह सुनिश्चित किया गया है। साथ ही, प्रदेश की महान वीरांगनाओं—उदा देवी पासी, झलकारी बाई कोरी और रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन विशेष महिला पीएसी बटालियनों का गठन किया गया है, जो नारी पराक्रम का प्रतीक हैं।

सांस्कृतिक पुनर्जागरण और बेटियों को समान अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि विंध्यवासिनी धाम, मां पाटेश्वरी और मां शाकम्भरी जैसे प्रमुख शक्तिपीठों में नवरात्र के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और युवाओं की बढ़ती सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आज की युवा पीढ़ी अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से गहराई से जुड़ रही है। उत्तर प्रदेश आज देश में आस्था, संस्कृति और परंपरा के पुनर्जागरण के एक सशक्त केंद्र के रूप में उभर रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और हर क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करना है, ताकि एक सशक्त और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ का सपना साकार हो सके।

Check Also

‘धन के निमित्त धर्म नहीं त्यागूंगा, छिड़ गया युद्ध तो बम-गोले भी दागूंगा’: वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ का कड़ा संदेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में भारत सेवाश्रम संघ की काशी शाखा …