नई दिल्ली: हरारे के मैदान पर जब तिरंगा लहराया और भारतीय जूनियर टीम ने छठी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, तो पूरा देश खुशी से झूम उठा। वैभव सूर्यवंशी की 175 रनों की अविश्वसनीय पारी और कप्तान आयुष म्हात्रे की चतुर कप्तानी के दम पर मिली इस खिताबी जीत ने न केवल फैंस का दिल जीता, बल्कि दुनिया भर के दिग्गजों को भी अपना कायल बना लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर तक, सोशल मीडिया पर बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई है।
पीएम मोदी ने जताया गर्व: ‘युवा एथलीटों के लिए प्रेरणा है यह जीत’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम इंडिया की इस बड़ी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर टीम को बधाई देते हुए लिखा, “भारतीय क्रिकेट की प्रतिभा चमक रही है! हमारी अंडर-19 टीम पर हमें गर्व है, जिसने वर्ल्ड कप जीतकर देश का मान बढ़ाया है। पूरे टूर्नामेंट में टीम का प्रदर्शन असाधारण रहा। यह जीत आने वाले कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी। भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”
सचिन तेंदुलकर का खास संदेश: ‘जब सूर्यवंशी हो, तो ब्लॉकबस्टर पक्की है’
दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक पारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने बेहद फिल्मी और रोचक अंदाज में ट्वीट करते हुए लिखा, “चैंपियंस! इस युवा ब्रिगेड और उनके निडर खेल पर मुझे गर्व है। कोच और सपोर्ट स्टाफ को शानदार काम के लिए बधाई। इस पल का आनंद उठाएं। और हां, जब आपके पास टीम में ‘सूर्यवंशी’ हो, तो एक सदाबहार ब्लॉकबस्टर की उम्मीद तो की ही जाती है! शाबाश वैभव।”
विराट कोहली ने सराहा दबदबा: ‘अंडर-19 क्रिकेट में हमारा राज कायम’
साल 2008 में अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने वाले स्टार क्रिकेटर विराट कोहली भी जूनियर टीम की इस सफलता पर काफी उत्साहित नजर आए। कोहली ने ट्वीट किया, “एक बार फिर विश्व कप जीतने पर अंडर-19 भारतीय टीम को बहुत-बहुत बधाई। जूनियर स्तर के क्रिकेट में हमारा दबदबा लगातार जारी है। पूरी टीम और सपोर्ट स्टाफ को उनकी कड़ी मेहनत के लिए सलाम।”
राष्ट्रपति और गृहमंत्री ने भी थपथपाई पीठ
सिर्फ खेल जगत ही नहीं, बल्कि राजनीति की बड़ी हस्तियों ने भी टीम इंडिया को सिर आंखों पर बिठाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृहमंत्री अमित शाह ने भी टीम की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और पूर्व क्रिकेटर वसीम जाफर ने भी सोशल मीडिया के जरिए युवा सितारों की हौसलाअफजाई की। आयुष म्हात्रे अब मोहम्मद कैफ, विराट कोहली और उन्मुक्त चंद जैसे कप्तानों की उस विशेष लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने भारत को वर्ल्ड चैंपियन बनाया है।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
