Trump के ‘तूफान से पहले सन्नाटा’ वाले बयान से बढ़ी दुनिया की चिंता, ईरान पर हमलों की दूसरी वेव की आशंका तेज

मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष को लेकर अब वैश्विक स्तर पर नई आशंकाएं पैदा हो गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इस तनाव को और हवा दे दी है। ट्रंप ने लिखा, “यह तूफान से पहले का सन्नाटा है।” उनके इस बयान को सीधे तौर पर ईरान-इजरायल युद्ध से जोड़कर देखा जा रहा है।

राजनीतिक और सामरिक विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक चले सीजफायर के बाद अब अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान की तैयारी कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो पहले से अस्थिर मध्य पूर्व में हालात और ज्यादा विस्फोटक हो सकते हैं।

ट्रंप के बयान के बाद बढ़ीं सैन्य कार्रवाई की अटकलें

डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया पर उनके शब्दों को संभावित सैन्य संकेत माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल ईरान के खिलाफ हमलों की दूसरी बड़ी वेव शुरू कर सकते हैं। इससे पूरे क्षेत्र में युद्ध का दायरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अमेरिका खुलकर इस संघर्ष में उतरता है तो इसका असर सिर्फ मध्य पूर्व तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था, तेल बाजार और समुद्री व्यापार पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

होर्मुज संकट से पहले ही परेशान है दुनिया

ईरान-इजरायल तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। दुनिया के बड़े हिस्से में तेल सप्लाई इसी रास्ते से होती है। यदि युद्ध और तेज हुआ तथा होर्मुज मार्ग प्रभावित हुआ तो कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है। इससे दुनियाभर में महंगाई और आर्थिक संकट गहराने का खतरा पैदा हो जाएगा।

विशेषज्ञ मानते हैं कि वैश्विक बाजार पहले ही अस्थिरता झेल रहे हैं और ऐसे में मध्य पूर्व में किसी बड़े युद्ध का असर सीधे आम लोगों की जेब तक पहुंच सकता है।

सेंट्रल इजरायल की रॉकेट फै्ट्री में धमाका

इसी बीच सेंट्रल इजरायल से भी बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक रॉकेट फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका तकनीकी कारणों से हुआ या इसके पीछे किसी हमले की आशंका है। इजरायली सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।

दुनिया की नजर अब अमेरिका और इजरायल पर

ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब पूरी दुनिया की नजर अमेरिका और इजरायल की अगली रणनीति पर टिकी हुई है। ट्रंप के बयान और इजरायल में हुए धमाके के बाद हालात तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं। आने वाले दिनों में मध्य पूर्व की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती है।

Check Also

बलूचिस्तान के खनिजों पर पाकिस्तान की नजर! सेना-सरकार के खिलाफ भड़के विद्रोही गुट, मानवाधिकार संगठनों ने उठाई आवाज

पाकिस्तान के सबसे बड़े और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध प्रांत बलूचिस्तान पर एक बार फिर …