Trump Iran Attack News: ट्रम्प ने फिलहाल टाला ईरान पर सैन्य हमला, होर्मुज स्ट्रेट खोलने और परमाणु खतरा खत्म करने पर बनी सहमति; सऊदी की अपील का भी असर

वॉशिंगटन डीसी/तेहरान/तेल अवीव: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई को फिलहाल स्थगित करने का ऐलान किया है। ट्रम्प का कहना है कि ईरान और मध्य पूर्व के कुछ देशों की ओर से समझौते का प्रस्ताव मिलने के बाद अमेरिका ने तत्काल हमला टालने का फैसला लिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका बड़े सैन्य अभियान के लिए पूरी तरह तैयार था, लेकिन कूटनीतिक पहल को प्राथमिकता देते हुए फिलहाल कार्रवाई रोक दी गई है।

ट्रम्प का दावा- समझौते की रूपरेखा पर बनी सहमति

डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि प्रस्तावित समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। उनके अनुसार इस समझौते के प्रमुख बिंदुओं में रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट को तत्काल खोलना और ईरान से जुड़े परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल है। ट्रम्प ने यह भी दावा किया कि इस फैसले पर इजराइल भी अमेरिका के साथ पूरी तरह सहमत है।

सऊदी अरब ने संयम बरतने की दी थी सलाह

इससे पहले एक्सियोस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से टेलीफोन पर बातचीत की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने ईरान के खिलाफ संभावित बड़े सैन्य हमले को टालने और क्षेत्रीय तनाव कम करने के लिए संयम बरतने की अपील की थी।

मिडिल ईस्ट संकट के बीच पिछले 24 घंटे के 5 बड़े घटनाक्रम

1. अमेरिका ने नागरिकों के लिए जारी की नई एडवाइजरी

अमेरिकी विदेश विभाग ने पश्चिम एशिया में रह रहे अपने नागरिकों को सुरक्षा स्थिति पर सतर्क रहने और हालात बिगड़ने की स्थिति में क्षेत्र छोड़ने की तैयारी रखने की सलाह दी है। यह एडवाइजरी ऐसे समय जारी की गई, जब ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

2. ईरान ने दी अमेरिकी हमले का जवाब देने की चेतावनी

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने स्पष्ट कहा कि यदि अमेरिका किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई करता है तो तेहरान उसी स्तर पर जवाब देगा। उन्होंने पाकिस्तान और तुर्किये के नेताओं से बातचीत के दौरान भी यही रुख दोहराया।

3. इजराइल की सुरक्षा को लेकर अमेरिकी संसाधनों पर चिंता

वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना के एक वरिष्ठ जनरल ने पेंटागन को आगाह किया है कि यदि ईरान के हमले लगातार जारी रहते हैं तो इजराइल की सुरक्षा के लिए उपलब्ध नौसैनिक संसाधन पर्याप्त साबित नहीं होंगे।

4. भारत ने ईरान से कारोबारी जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री से फोन पर बातचीत कर कारोबारी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। भारत सरकार के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के दौरान अब तक 16 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 75 लोग घायल हुए हैं।

5. इजराइल में अमेरिकी सैन्य तैयारियां और मजबूत

इजराइली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका बेन गुरियन एयरपोर्ट पर 10 अतिरिक्त रीफ्यूलिंग विमान तैनात करने की तैयारी में है। इसके बाद वहां ऐसे विमानों की संख्या बढ़कर 40 हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य क्षमता और मजबूत मानी जा रही है।

मिडिल ईस्ट में तनाव बरकरार, दुनिया की नजर अगले कदम पर

हालांकि अमेरिका ने फिलहाल ईरान पर प्रस्तावित हमला टाल दिया है, लेकिन पश्चिम एशिया में तनाव अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अमेरिका, ईरान और इजराइल के बीच जारी घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है। आने वाले दिनों में कूटनीतिक वार्ता और सुरक्षा हालात इस पूरे विवाद की दिशा तय कर सकते हैं।

Check Also

Russia-Ukraine War: रूस के भीषण हमलों के बाद जेलेंस्की की अमेरिका-यूरोप से बड़ी अपील, बोले- गोदामों में नहीं, यूक्रेन भेजें पैट्रियट मिसाइलें

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस की ओर से किए गए ताजा मिसाइल और ड्रोन हमलों …