किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के दुर्गम पहाड़ों और जमा देने वाली ठंड के बीच भारतीय सेना ने शौर्य की एक नई इबारत लिखी है। किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक बेहद खतरनाक मॉड्यूल को नेस्तनाबूद कर दिया है। यह कोई मामूली मुठभेड़ नहीं थी, बल्कि 326 दिनों तक चला एक ‘मैराथन ऑपरेशन’ था, जिसमें सेना ने कड़ाके की ठंड, बारिश और मुश्किल भूगोल की बाधाओं को चीरते हुए 7 खूंखार आतंकियों को जहन्नुम पहुंचा दिया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का टॉप कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल है।
FPV ड्रोन और सैटेलाइट इमेजरी: हाईटेक वारफेयर से घिरे आतंकी
सेना की ‘व्हाइट नाइट कॉर्प्स’ (White Knight Corps) के मुताबिक, इस ऑपरेशन में आतंकियों को ढूंढने और उन्हें ट्रैक करने के लिए सेना ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। पहली बार इतने बड़े पैमाने पर FPV ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी और RPA/UAV (मानवरहित विमान) जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया। आतंकियों ने चतरू के घने जंगलों को अपनी ढाल बनाने की कोशिश की, लेकिन तकनीक और मानवीय साहस के मेल ने उनकी हर चाल को नाकाम कर दिया।
326 दिन, 12 एनकाउंटर और आतंकियों की अंतहीन भागमभाग
जांच में सामने आया कि ये आतंकी पिछले करीब एक साल से सुरक्षाबलों को छकाने की कोशिश कर रहे थे। पिछले 11 महीनों में चतरू के जंगलों और पहाड़ों में सुरक्षाबलों के साथ इनकी एक दर्जन से अधिक बार मुठभेड़ हुई। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF के संयुक्त दबाव के चलते ये आतंकी किश्तवाड़ से डोडा, कठुआ और उधमपुर के जंगलों में भागते रहे। उन्हें लगा कि दुर्गम पहाड़ियां उन्हें बचा लेंगी, लेकिन ‘व्हाइट नाइट कॉर्प्स’ ने एक मजबूत इंटेलिजेंस ग्रिड के जरिए उनका पीछा नहीं छोड़ा और अंततः सैफुल्लाह समेत पूरी टोली को घेरकर खत्म कर दिया।
अमित शाह की ‘मिशन मोड’ रणनीति का बड़ा असर
इस कामयाबी के पीछे केंद्र सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का बड़ा हाथ माना जा रहा है। हाल ही में 7 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू में एक हाई-लेवल सिक्योरिटी मीटिंग की थी, जिसमें उन्होंने आतंकियों के खिलाफ ‘मिशन मोड’ में काम करने के निर्देश दिए थे। सेना ने इस ऑपरेशन की सफलता के बाद संदेश दिया है कि घुसपैठियों और देश के दुश्मनों के लिए भारत की धरती पर कोई जगह नहीं है। सेना ने गौरव के साथ कहा— “हम सेवा करते हैं, हम रक्षा करते हैं!”
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
