
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार, 21 सितंबर को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन के दौरान विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों के प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जिलों में छोटी से छोटी घटनाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
छोटी घटनाओं को बड़ा बनाने की कोशिश पर नजर रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले लोग कई बार मामूली घटनाओं को बड़ा रूप देने की कोशिश करते हैं। ऐसे में जिलों में होने वाली हर छोटी घटना पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं नजर रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी लें और पीड़ितों की बात सुनें।
घटनास्थल पर पहुंचकर करें कार्रवाई
सीएम योगी ने कहा कि घटनाओं को अनावश्यक रूप से बढ़ने से रोकने के लिए प्रशासन को समय रहते प्रभावी कदम उठाने चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पीड़ित की सुनवाई के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही मामलों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए, ताकि किसी तरह की स्थिति बिगड़ने की गुंजाइश न रहे।
लापरवाही पर मुख्यमंत्री ने दी सख्त चेतावनी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि छोटी-छोटी घटनाओं में भी अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से जनसमस्याओं की निगरानी करने और शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व से संबंधित शिकायतों पर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के लिए कहा।
पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों की अलग-अलग समस्याएं सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इलाज से जुड़ी शिकायत लेकर पहुंचे लोगों के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, भूमाफिया और दबंगों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिस और राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी मातहत कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही की शिकायत सामने आती है तो उसकी भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। कानून-व्यवस्था और राजस्व से जुड़े मामलों को लंबित न रखने तथा उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जनता दर्शन में बच्चे से भी मिले मुख्यमंत्री
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से मुलाकात के बीच एक बच्चे से भी बातचीत की। मां के साथ पहुंचे बच्चे से मुख्यमंत्री ने उसका हालचाल पूछा और यह भी जाना कि वह कहां पढ़ता है। मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी, जिसे बच्चे ने तुरंत ले लिया। जब मुख्यमंत्री ने चॉकलेट वापस मांगी तो बच्चे ने उसे लौटाने से मना कर दिया। इस पर वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। मुख्यमंत्री ने बच्चे को मन लगाकर पढ़ाई करने और उसके सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया