कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से शुरू हुआ ‘महिला बैंकर वायरल वीडियो’ विवाद अब एक नया और गंभीर मोड़ ले चुका है। “ठाकुर हूं मैं…” कहकर सुर्खियां बटोरने वाली एचडीएफसी (HDFC) बैंक की कर्मचारी आस्था सिंह की सफाई के बाद अब दूसरा पक्ष भी कैमरे के सामने आ गया है। इस मामले में अब ‘ठाकुर बनाम ब्राह्मण’ की नई बहस छिड़ गई है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक हलचल तेज कर दी है।
ऋतु त्रिपाठी मिश्रा का पलटवार: ‘मुझे गालियां दी गईं, लैपटॉप मारने की धमकी मिली’
वायरल वीडियो में आस्था सिंह जिस महिला सहकर्मी और उसके पति पर बदतमीजी का आरोप लगा रही थीं, अब उस महिला यानी ऋतु त्रिपाठी मिश्रा ने अपना पक्ष रखा है। ऋतु ने वीडियो जारी कर कहा, “मैं वही ऋतु त्रिपाठी हूं, जिसकी सो-कॉल्ड ‘ठाकुर गर्ल’ ने बेइज्जती की। उस दिन मेरे परिवार को गालियां दी गईं और मुझे लैपटॉप से मारने की धमकी मिली। मैं ब्राह्मण हूं और मुझे इस पर गर्व है।” ऋतु का दावा है कि उन्होंने मर्यादा बनाए रखने के लिए वीडियो वायरल नहीं किया था, लेकिन अब सच सामने आना जरूरी है।
पति ऋषि मिश्रा की सफाई: ‘मैंने जात नहीं पूछी, वो खुद गरजने लगीं’
ऋतु के पति ऋषि मिश्रा ने आस्था सिंह के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। ऋषि ने बताया, “मेरी पत्नी ने 6 जनवरी को इस्तीफा दिया था। जब उसे ऑफिस से रिलीव होने में देर हुई, तो मैं वहां पहुंचा। मैंने सिर्फ देरी का कारण पूछा था, लेकिन आस्था सिंह अचानक चिल्लाने लगीं और अपनी जाति का रौब दिखाने लगीं। मैंने उनकी जाति नहीं पूछी थी, बल्कि वो खुद ही गरजने लगीं और बदतमीजी पर उतारू हो गईं।”
क्या था आस्था सिंह का दावा?
इससे पहले, वायरल वीडियो पर मचे बवाल के बाद आस्था सिंह ने एक सफाई वाला वीडियो जारी किया था। उन्होंने कहा था कि उनकी झल्लाहट किसी ग्राहक के लिए नहीं, बल्कि अपनी सहकर्मी के पति के लिए थी। आस्था के मुताबिक, सामने वाले व्यक्ति ने उन्हें उकसाया था और बार-बार जाति को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके जवाब में उन्होंने जोश में आकर “ठाकुर हूं मैं” जैसे शब्द कहे। उन्होंने यह भी माना कि जोश में उनसे कुछ गलत शब्द निकले, लेकिन उनकी मंशा किसी की भावनाएं आहत करने की नहीं थी।
HDFC बैंक के भीतर का विवाद अब सार्वजनिक
यह पूरा मामला कानपुर के एक एचडिएफसी बैंक का है। बताया जा रहा है कि यह घटना 6 जनवरी 2026 की है, लेकिन वीडियो अब वायरल हुआ है। ऋतु मिश्रा के इस्तीफे के दिन ही ऑफिस के भीतर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ था। अब दोनों पक्षों के वीडियो सामने आने के बाद मामला पूरी तरह से जातिगत रंग लेता दिख रहा है। पुलिस और बैंक प्रबंधन इस मामले की आंतरिक जांच कर सकते हैं।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
