लखनऊ यूनिवर्सिटी में गंगा-जमुनी तहजीब: मस्जिद पर जड़ा था ताला, हिंदू छात्रों ने ढाल बनकर कराई नमाज, पूरे कैंपस में पुलिस तैनात

लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ से साम्प्रदायिक सौहार्द की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने नफरत फैलाने वालों के मुंह पर करारा तमाचा जड़ा है। लखनऊ यूनिवर्सिटी (LU) में जब मुस्लिम छात्रों को नमाज पढ़ने से रोका गया और इबादतगाह पर ताला जड़ दिया गया, तो उनके हिंदू सहपाठी दीवार बनकर खड़े हो गए। हिंदू छात्रों ने न सिर्फ विरोध किया, बल्कि खुद बैरिकेडिंग हटाकर अपने मुस्लिम दोस्तों के लिए नमाज अदा करने का रास्ता साफ किया। फिलहाल, कैंपस में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

लाल बारादरी के रेनोवेशन पर छिड़ा विवाद, मस्जिद में जड़ा ताला

पूरा मामला लखनऊ यूनिवर्सिटी परिसर में स्थित ऐतिहासिक ‘लाल बारादरी’ इमारत से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि इस इमारत में रेनोवेशन (जीर्णोद्धार) का काम चल रहा है, जिसके चलते वहां एक बोर्ड भी लगाया गया है। परंपरा के अनुसार, मुस्लिम छात्र और समाज के लोग यहां बनी मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचते हैं। लेकिन सोमवार को जब छात्र वहां पहुंचे, तो नजारा बदला हुआ था। मस्जिद के रास्ते पर न सिर्फ ताला जड़ा था, बल्कि भारी बैरिकेडिंग भी कर दी गई थी। छात्रों का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर इबादत करने से रोका गया।

हिंदू छात्रों ने पेश की मिसाल, बनाई मानव श्रृंखला

जैसे ही नमाज रोकने की खबर कैंपस में फैली, हिंदू छात्र बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। साम्प्रदायिक राजनीति के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए हिंदू छात्रों ने साफ कर दिया कि यूनिवर्सिटी परिसर में नफरत का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इन छात्रों ने न केवल प्रशासन द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को गिरा दिया, बल्कि जब मुस्लिम छात्र नमाज अदा कर रहे थे, तब हिंदू छात्रों ने उनके चारों ओर एक ‘ह्यूमन चेन’ (मानव श्रृंखला) बना ली ताकि कोई खलल न पड़ सके।

“कैंपस में नहीं चलेगा साम्प्रदायिक माहौल” – छात्रों की दोटूक

मैदान में उतरे छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है और यहां सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए। हिंदू छात्रों ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम परिसर में शांति चाहते हैं। किसी को उसकी आस्था से रोकना गलत है। हम साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगड़ने नहीं देंगे।” इस घटना के बाद मुस्लिम छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से नमाज मुकम्मल की और अपने साथियों का आभार जताया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, छावनी में तब्दील हुई यूनिवर्सिटी

इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए परिसर के अंदर और लाल बारादरी के आसपास भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। एलआईयू (LIU) की टीमें भी सक्रिय हैं। प्रशासन का कहना है कि रेनोवेशन के सुरक्षा कारणों से कुछ पाबंदियां लगाई गई थीं, लेकिन छात्रों के आक्रोश को देखते हुए फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Check Also

नोएडा में श्रम विभाग का बड़ा एक्शन: 203 एजेंसियां ब्लैकलिस्ट, लाइसेंस रद्द की तैयारी, 1.16 करोड़ का भारी जुर्माना

नोएडा में श्रम विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई करते …