लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने पिछले 9 वर्षों के कामकाज का लेखा-जोखा सदन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ होने का ठप्पा मिटा चुका है और ‘ब्रेकथ्रू’ स्टेट के रूप में दुनिया के सामने है। सीएम ने अपनी सरकार के सफर को ‘अराजकता से सुशासन’ का सफर बताया।
‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ के दौर का हुआ अंत
विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ का राज था। गुंडे और माफिया समानांतर सरकारें चलाते थे, जिससे प्रदेश की छवि अस्थिरता और अराजकता वाली बन गई थी। योगी ने कहा, “हमने माफिया राज को खत्म कर ‘ट्रिपल-T’ यानी ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी और ट्रांसफॉर्मेशन की त्रिवेणी बहाई है। आज यूपी निवेश के लिए देश का सबसे पसंदीदा डेस्टिनेशन बन चुका है।”
विपक्ष का आचरण ‘नारी शक्ति’ का अपमान
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष द्वारा किए गए शोर-शराबे पर सीएम योगी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्यपाल प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख हैं और एक महिला भी हैं। उनके प्रति विपक्ष का व्यवहार न केवल लोकतंत्र को कमजोर करता है, बल्कि यह सीधे तौर पर नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा आचरण उनकी नकारात्मक सोच को दर्शाता है।
आस्था का महाकुंभ: 21 करोड़ श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने सुरक्षा और सुशासन के दावों को आंकड़ों के साथ पुख्ता किया। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए माघ मेले का जिक्र करते हुए बताया कि सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजामों की वजह से ही 21 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। उन्होंने विशेष रूप से PAC की तीन महिला बटालियनों (उदा देवी, झलकारी बाई और अवंती बाई) का उल्लेख किया, जो महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा का प्रतीक बनकर उभरी हैं।
AI और नई तकनीक से संवरेगा प्रदेश का भविष्य
सदन को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज का भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जैसे क्षेत्रों में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने हालिया दिल्ली AI समिट का उदाहरण देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश भी तकनीक के इस दौर में पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे ऐसा आचरण न करें जिससे आने वाली पीढ़ी को गलत दिशा मिले।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
