UP Cabinet Expansion: योगी सरकार में कल होगा मंत्रिमंडल विस्तार! इन 6 दिग्गजों की लग सकती है लॉटरी, देखें संभावित लिस्ट

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली और बिहार के बाद अब यूपी में भी सत्ता का समीकरण बदलने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि इस विस्तार के जरिए आगामी विधानसभा चुनावों से पहले जातीय और क्षेत्रीय संतुलन को साधने की बड़ी कवायद की जाएगी।

आज शाम राज्यपाल से मिलेंगे मुख्यमंत्री योगी

मंत्रिमंडल फेरबदल की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम 6:30 बजे राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात करेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस औपचारिक मुलाकात के दौरान सीएम योगी नए मंत्रियों के नामों की सूची राज्यपाल को सौंप सकते हैं। इस बैठक के बाद रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।

इन 6 चेहरों को मिल सकता है मंत्री पद

यूपी सरकार में वर्तमान में 54 मंत्री हैं, जबकि नियमों के मुताबिक अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। यानी कि कैबिनेट में 6 जगह खाली हैं और माना जा रहा है कि इन सभी सीटों को इस विस्तार में भर दिया जाएगा। संभावित मंत्रियों की सूची में कुछ बड़े और चौंकाने वाले नाम शामिल हैं:

  • भूपेंद्र चौधरी: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष।

  • मनोज पांडे: ऊंचाहार से विधायक।

  • पूजा पाल: चायल से विधायक।

  • कृष्णा पासवान: फतेहपुर की खागा सीट से विधायक।

  • आशीष सिंह आशु: हरदोई के मल्लवां से विधायक।

  • अशोक कटारिया: भाजपा के कद्दावर नेता।

चुनावों से पहले जातीय समीकरण साधने की कोशिश

उत्तर प्रदेश में फरवरी 2027 में विधानसभा चुनाव होने प्रस्तावित हैं। ऐसे में इस विस्तार को केवल प्रशासनिक फेरबदल नहीं, बल्कि चुनावी बिसात के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जिन नामों की चर्चा है उनमें दलित, पिछड़ा और ब्राह्मण वोट बैंक को साधने का पूरा ध्यान रखा गया है। पूजा पाल और मनोज पांडे जैसे नामों को शामिल कर भाजपा विपक्षी खेमे में भी सेंधमारी की रणनीति पर काम कर रही है।

फिलहाल, लखनऊ में हलचल तेज है और संभावित मंत्रियों के घरों पर बधाई देने वालों का तांता लगना शुरू हो गया है। अब सबकी नजरें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।

Check Also

CM योगी का गोरखपुर जनता दर्शन: 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, भू-माफियाओं और दबंगों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन …