सिनेमाघरों में मचेगा तहलका! ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज से हटा स्टे, अगले ढाई घंटे में पर्दे पर दिखेगी फिल्म

नई दिल्ली। विवादों और कानूनी दांव-पेंच के बीच आखिरकार ‘द केरल स्टोरी 2: गोज़ बियॉन्ड’ (The Kerala Story 2: Goes Beyond) के मेकर्स ने बड़ी जीत हासिल की है। केरल हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने फिल्म की रिलीज पर लगी रोक को हटा दिया है। अब यह बहुचर्चित फिल्म आज यानी 27 फरवरी 2026 को ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी। कोर्ट के इस फैसले के बाद महज ढाई घंटे के भीतर फिल्म के शो शुरू होने की उम्मीद है।

सिंगल बेंच के फैसले को डिवीजन बेंच ने पलटा

गुरुवार को फिल्म की रिलीज पर उस वक्त काले बादल छा गए थे, जब केरल हाई कोर्ट की सिंगल जज बेंच (जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस) ने फिल्म पर 15 दिनों का अंतरिम स्टे लगा दिया था। कोर्ट ने तब सीबीएफसी (CBFC) के सर्टिफिकेट पर सवाल उठाते हुए कहा था कि फिल्म के कुछ हिस्सों से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा हो सकता है। याचिकाओं में आरोप लगाया गया था कि फिल्म केरल की छवि को गलत तरीके से पेश करती है और आतंकवाद व धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मुद्दों को राज्य से जोड़ती है।

अभिव्यक्ति की आजादी की हुई जीत

निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने इस रोक के खिलाफ तुरंत अपील की। डिवीजन बेंच में जस्टिस एसए धर्माधिकारी और जस्टिस पीवी बालकृष्णन ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। मेकर्स का तर्क था कि फिल्म को सेंसर बोर्ड से वैध सर्टिफिकेट मिला है और इसमें उचित ‘डिस्क्लेमर’ भी दिया गया है। उन्होंने साफ किया कि यह कहानी सिर्फ एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापक सामाजिक मुद्दों पर आधारित है। लंबी बहस के बाद कोर्ट ने सिंगल जज के आदेश को पलटते हुए रिलीज को हरी झंडी दे दी।

उल्का गुप्ता निभा रही हैं मुख्य किरदार

बता दें कि ‘द केरल स्टोरी 2’ साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का सीक्वल है। इस बार फिल्म की कमान अभिनेत्री उल्का गुप्ता के हाथों में है, जो मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म के ट्रेलर के बाद से ही इसे लेकर सोशल मीडिया पर दो फाड़ नजर आ रहे थे, लेकिन अब कोर्ट की मंजूरी के बाद दर्शकों का इंतजार खत्म हो गया है। हालांकि, मुख्य मामले की सुनवाई अभी जारी रहेगी, लेकिन फिलहाल फिल्म को थिएटर्स में चलने से कोई नहीं रोक सकेगा।

Check Also

‘द केरल स्टोरी 2’ OTT रिलीज: अब घर बैठे देखिए विवादों में घिरी फिल्म, जानिए कब और कहां होगी स्ट्रीम

सिनेमाघरों के बाद अब OTT पर दस्तकविपुल अमृतलाल शाह की चर्चित और विवादित फिल्म ‘द …