
Rahu Ke Upay, Rahu Dosh Upay: वैदिक ज्योतिष के अनुसार नवग्रहों में राहु को सबसे रहस्यमय और मायावी ग्रह माना गया है। ज्योतिष शास्त्र कहता है कि यही वह ग्रह है जो व्यक्ति को रातोंरात शिखर पर पहुंचा सकता है और पलक झपकते जमीन पर भी ला सकता है। धन को माया कहा गया है और राहु को माया का स्वामी। ऐसे में कलयुग में राहु का प्रभाव सबसे अधिक बताया जाता है। वर्तमान समय में राहु की स्थिति और उसके प्रभाव को लेकर ज्योतिषियों के बीच चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि तकनीक, अचानक लाभ-हानि और बड़े वैश्विक बदलावों के पीछे राहु की भूमिका प्रमुख रहती है। यदि कुंडली में राहु अशुभ हो तो व्यक्ति को भ्रम, आर्थिक अस्थिरता और अचानक संकट झेलने पड़ सकते हैं, लेकिन राहु के प्रसन्न होते ही वही व्यक्ति अपार सफलता और धन प्राप्त कर सकता है। ऐसे में जानते हैं राहु को शांत और शुभ बनाने के प्रभावी ज्योतिषीय उपाय।
राहु का प्रभाव: तकनीक, अचानक लाभ और बड़ा परिवर्तन
ज्योतिष मान्यता के अनुसार राहु छाया ग्रह है, जो विशेष रूप से तकनीकी क्षेत्र, विदेशी संबंधों, शेयर बाजार, मीडिया और डिजिटल दुनिया पर प्रभाव डालता है। कहा जाता है कि जो लोग समय के साथ नई तकनीक अपनाते हैं, उन्हें राहु का सहयोग मिलता है, जबकि पुराने ढर्रे पर अड़े रहने वालों को चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए राहु के अनुकूल होने पर व्यक्ति कम प्रयास में भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है।
राहु दोष के लिए दीपक का उपाय
यदि कुंडली में राहु अशुभ फल दे रहा हो तो बुधवार के दिन सूर्यास्त के बाद सरसों के तेल का दीपक लें और उसमें अपनी छाया देखें। इसके बाद दीपक जलाकर सामने बैठें और ‘ॐ रां राहवे नमः’ मंत्र का कम से कम एक माला जाप करें। यह उपाय लगातार 18 बुधवार तक करने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि इससे राहु का नकारात्मक प्रभाव कम होता है और मानसिक स्थिरता मिलती है।
राहु शांत करने के लिए जौ का उपाय
शनिवार को अपने वजन के बराबर जौ लें और उसे 18 बराबर भागों में बांट लें। हर भाग को काले कपड़े में बांधकर अलग पोटली बनाएं। प्रत्येक बुधवार एक पोटली पर दूध के छींटे मारकर उसे सिर के ऊपर से उल्टी दिशा में सात बार घुमाएं और बहते जल में प्रवाहित कर दें। यह उपाय 18 बुधवार तक करने से राहु दोष में राहत मिलने की मान्यता है।
राहु दोष के लिए चांदी का उपाय
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार राहु से पीड़ित व्यक्ति को जेब में चांदी का छोटा टुकड़ा रखना लाभकारी माना गया है। चांदी चंद्रमा से संबंधित धातु है और चंद्रमा राहु के उग्र प्रभाव को संतुलित करने में सहायक माने जाते हैं। इसके अलावा रात में सोने से पहले नमक मिले पानी से पैर धोना भी राहु की शांति के लिए उपयोगी बताया गया है।
राहु दोष का रामबाण दान उपाय
राहु की शांति के लिए काला कपड़ा, काले तिल, काला कंबल, सरसों का तेल, लोहा, अभ्रक, गोमेद आदि वस्तुएं काले वस्त्र में बांधकर जरूरतमंद व्यक्ति को दान करने की परंपरा है। मान्यता है कि इससे राहु के अशुभ प्रभाव में कमी आती है। विशेष रूप से रोगियों या आश्रम में दान करने से भी लाभ बताया गया है।
ज्योतिष विशेषज्ञों का मानना है कि राहु को शांत करने के लिए संयमित जीवन, सकारात्मक सोच और समय के साथ बदलाव को स्वीकार करना भी उतना ही जरूरी है। यदि आपकी कुंडली में राहु दोष है तो किसी योग्य ज्योतिषी से परामर्श लेकर ही उपाय करें।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया