CJP Protest: 5 सितंबर को दिल्ली में नहीं होगा कॉकरोच जनता पार्टी का मार्च, सुप्रीम कोर्ट में दी जानकारी; जानें क्यों लिया फैसला

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 5 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित विरोध मार्च को वापस लेने का फैसला किया है। संगठन ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में इस निर्णय की जानकारी दी। CJP की ओर से कहा गया कि केंद्र सरकार की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन और सुप्रीम कोर्ट के आज के आदेश को देखते हुए 5 सितंबर के प्रस्तावित मार्च का आह्वान वापस लिया जा रहा है।

केंद्र के आश्वासन के बाद बदला फैसला

CJP के को-कन्वीनर और प्रवक्ता सौरव दास ने अदालत में बताया कि सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इसी सकारात्मक रुख को देखते हुए संगठन ने फिलहाल दिल्ली मार्च नहीं करने का निर्णय लिया।दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी ने इससे पहले 5 सितंबर को दिल्ली में बड़े स्तर पर विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया था। संगठन की योजना इंडिया गेट से नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर शांतिपूर्ण मार्च निकालने की थी। यह घोषणा प्रदर्शनकारियों से किए गए कथित वादों को पूरा नहीं किए जाने के आरोपों के बाद की गई थी।

जंतर-मंतर प्रदर्शन के मामलों को लेकर था विवाद

CJP की प्रमुख मांगों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेना भी शामिल था। 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद दिल्ली में कई एफआईआर दर्ज किए गए थे। संगठन का कहना था कि आंदोलन वापस लेते समय सरकार की ओर से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने और दर्ज मामलों को खत्म करने को लेकर आश्वासन दिया गया था।

अब केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को खत्म करने की दिशा में कदम उठाने की जानकारी दी है। सरकार की ओर से अदालत में मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया से संबंधित कार्रवाई की गई है।

सुप्रीम कोर्ट में क्या हुआ?

5 सितंबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी मामला पहुंचा था। अदालत ने प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने का आदेश देने से इनकार कर दिया था और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने की बात कही थी। इसके बाद मंगलवार की सुनवाई के दौरान CJP ने अपना मार्च वापस लेने की जानकारी अदालत को दी। CJP की ओर से कहा गया कि केंद्र सरकार के सकारात्मक आश्वासन, अदालत की न्यायिक गरिमा और मंगलवार को पारित आदेश को ध्यान में रखते हुए 5 सितंबर के मार्च का आह्वान वापस लेना उचित समझा गया है।

पहले सरकार पर वादों से पीछे हटने का लगाया था आरोप

इससे पहले CJP ने आरोप लगाया था कि 25 जुलाई को युवाओं से बातचीत के दौरान सरकार की ओर से किए गए वादों को अपेक्षित तरीके से लागू नहीं किया गया। इसी को लेकर संगठन ने दोबारा दिल्ली में आंदोलन की घोषणा की थी।उस समय घोषित कार्यक्रम के मुताबिक 5 सितंबर को इंडिया गेट से शांतिपूर्ण मार्च शुरू कर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक पहुंचने की योजना थी। संगठन ने देशभर के युवाओं, छात्रों और प्रदर्शनकारियों से इसमें शामिल होने की अपील की थी। हालांकि, अब केंद्र की ओर से उठाए गए कदम और सुप्रीम कोर्ट में दिए गए आश्वासन के बाद CJP ने अपना प्रस्तावित दिल्ली मार्च वापस ले लिया है। संगठन ने संकेत दिया है कि वह सरकार की आगे की कार्रवाई पर नजर बनाए रखेगा।

Check Also

Rajasthan Nagar Nigam Result 2026: राजस्थान में बीजेपी का दबदबा, 10 में 7 नगर निगमों में बढ़त; जयपुर में भी कमल आगे

Rajasthan Nagar Nigam Result 2026: राजस्थान नगर निकाय चुनाव के नतीजों की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है। सोमवार सुबह …