नई दिल्ली। पांच राज्यों के चुनावी रण का शंखनाद होने के बाद अब सबकी नजरें नतीजों पर टिकी हैं। 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले आंकड़ों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इन अनुमानों की मानें तो पूर्वोत्तर के द्वार यानी असम में भाजपा ऐतिहासिक हैट्रिक लगाने की ओर अग्रसर है, वहीं दक्षिण में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी ने समीकरण बिगाड़ दिए हैं। सबसे दिलचस्प मुकाबला पश्चिम बंगाल में देखने को मिल रहा है, जहां ममता बनर्जी और भाजपा के बीच ‘कांटे की टक्कर’ नजर आ रही है।
असम में भाजपा की ‘हैट्रिक’ का अनुमान
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए आए पोल ऑफ पोल्स के आंकड़े मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। यहां बहुमत का आंकड़ा 64 है, जबकि एनडीए (NDA) को 92 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक भाजपा गठबंधन 100 के करीब भी पहुंच सकता है। दूसरी ओर, कांग्रेस गठबंधन महज 28 सीटों पर सिमटता दिख रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बदरुद्दीन अजमल की पार्टी AIUDF का खाता खुलना भी मुश्किल नजर आ रहा है।
पश्चिम बंगाल: ममता की साख और भाजपा की हुंकार
बंगाल की 294 सीटों पर इस बार ‘खेला’ होने के पूरे आसार हैं। पोल ऑफ पोल्स के मुताबिक, ममता बनर्जी की टीएमसी (TMC) 151 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े (148) के बेहद करीब है, लेकिन भाजपा 137 सीटें जीतकर उनके गले की हड्डी बनी हुई है। यहां हार-जीत का अंतर इतना कम है कि निर्दलीय और अन्य (3 सीटें) किंगमेकर की भूमिका में आ सकते हैं। लेफ्ट और कांग्रेस के लिए बंगाल की जमीन अब भी बंजर ही नजर आ रही है।
तमिलनाडु में विजय का जलवा और स्टालिन की चुनौती
तमिलनाडु की राजनीति में इस बार ‘सुपरस्टार’ फैक्टर काम करता दिख रहा है। हालांकि, पोल ऑफ पोल्स एमके स्टालिन की डीएमके (DMK) को 121 सीटों के साथ सत्ता में वापसी करते दिखा रहे हैं, लेकिन थलापति विजय की पार्टी TVK ने 31 सीटों पर सेंध लगाकर सबको चौंका दिया है। एक्सिस माय इंडिया का अनुमान तो विजय की पार्टी को 120 सीटों तक जाते दिखा रहा है, जो अगर सच हुआ तो यह राज्य की राजनीति का सबसे बड़ा उलटफेर होगा।
केरल और पुडुचेरी: सत्ता परिवर्तन की आहट
केरल में इस बार ‘लाल किला’ दरकता नजर आ रहा है। 140 सीटों वाले इस राज्य में यूडीएफ (UDF) को 75 सीटें मिलने का अनुमान है, जो एलडीएफ (LDF) को सत्ता से बाहर कर सकता है। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनती दिख रही है। 4 मई के आधिकारिक नतीजे ही तय करेंगे कि एग्जिट पोल के ये दावे हकीकत में बदलते हैं या ‘साइलेंट वोटर’ कोई नई कहानी लिखता है।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
