नई दिल्ली: साउथ सिनेमा की फिल्मों ने पिछले कुछ सालों में कंटेंट के मामले में बॉलीवुड को कड़ी टक्कर दी है। इसी कड़ी में एक और मलयालम फिल्म ‘बेबी गर्ल’ (Baby Girl) इन दिनों चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है। सस्पेंस और इमोशन्स से भरी यह फिल्म सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है। अगर आप सच्ची घटनाओं पर आधारित रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानियों के शौकीन हैं, तो यह फिल्म आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए।
3 दिन की बच्ची और रहस्यमयी किडनैपिंग
अरुण वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी आपको अंदर तक झकझोर देगी। फिल्म एक सरकारी अस्पताल से शुरू होती है, जहां से महज 3 दिन की एक नवजात बच्ची रहस्यमयी तरीके से गायब हो जाती है। किडनैपिंग की इस खबर से पूरे अस्पताल और प्रशासन में हड़कंप मच जाता है। पुलिस जब मामले की तहकीकात शुरू करती है, तो कहानी में ऐसे मोड़ आते हैं कि देखने वालों के पसीने छूट जाते हैं।
पिता ही निकला गुनहगार? सस्पेंस का तगड़ा डोज
फिल्म में साउथ सुपरस्टार निविन पॉली ने ‘सनल मैथ्यू’ का किरदार निभाया है, जो उसी अस्पताल में काम करता है और बच्ची को खोजने के लिए अपनी जान लगा देता है। लेकिन कहानी में सबसे बड़ा ट्विस्ट तब आता है, जब पुलिस की जांच की सुई खुद बच्ची के पिता की ओर घूमने लगती है। आखिर एक पिता अपनी ही 3 दिन की जान से प्यारी बच्ची को क्यों गायब करेगा? या फिर यह किसी बड़े रैकेट की साजिश है? इन सवालों के जवाब फिल्म के अंत तक आपको सीट से बांधे रखेंगे।
डायरेक्टर की पहली पसंद नहीं थे निविन पॉली
एक इंटरव्यू के दौरान निविन पॉली ने खुलासा किया कि इस फिल्म के लिए वह पहली पसंद नहीं थे। डायरेक्टर अरुण वर्मा किसी और अभिनेता को कास्ट करना चाहते थे, लेकिन डेट्स की समस्या के चलते उन्होंने आखिरी वक्त पर निविन को अप्रोच किया। निविन के आने के बाद स्क्रिप्ट में कुछ छोटे बदलाव किए गए, जो फिल्म के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुए। निविन ने सनल के किरदार में अपनी एक्टिंग से जान फूंक दी है।
बॉक्स ऑफिस पर सुस्त, ओटीटी पर मिला नया जीवन
23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ‘बेबी गर्ल’ को बॉक्स ऑफिस पर उतनी सफलता नहीं मिली जितनी उम्मीद थी। फिल्म ने थिएटर्स में महज 4.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि, अब ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव (Sony LIV) पर रिलीज होने के बाद इसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। फिल्म की संवेदनशील कहानी और थ्रिलर एलिमेंट इसे एक ‘मस्ट वॉच’ मूवी बनाते हैं।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
