
Kanwar Yatra 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यूपी सरकार की बड़ी तैयारी
आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा 2026 को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) हरिद्वार सहित कई प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। वहीं, पूरी व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे सक्रिय रहने वाला कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
हरिद्वार समेत इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
परिवहन विभाग के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान सबसे अधिक भीड़ हरिद्वार मार्ग पर रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर जैसे प्रमुख धार्मिक मार्गों पर भी अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
24 घंटे एक्टिव रहेगा कंट्रोल रूम
परिवहन निगम ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय में 24×7 कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा। कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर उसके समापन तक यह कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेगा। यात्रा से जुड़ी गतिविधियों की निगरानी, शिकायतों का निस्तारण और बस संचालन की रिकॉर्डिंग भी यहीं से की जाएगी।
बस स्टेशनों पर बढ़ाई जाएंगी यात्रियों की सुविधाएं
कांवड़ मार्ग पर स्थित बस स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ केंद्र, ध्वनि प्रसारण प्रणाली और खान-पान की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सड़क सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। सभी रोडवेज बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाएगी। बस चालकों का अनिवार्य रूप से ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन और पुलिस के साथ रहेगा समन्वय
क्षेत्रीय अधिकारियों को मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की बैठकों में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन की जानकारी व्हाट्सएप ग्रुप, दूरभाष और अन्य संचार माध्यमों के जरिए तत्काल साझा की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता
परिवहन विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि रोडवेज बसों के संचालन से कांवड़ यात्रा किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो तथा बसों का संचालन प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही कराया जाए।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया