तेहरान: ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की महत्वाकांक्षी योजना को बड़ा झटका दिया है, जिसमें वे होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय सैन्य गठबंधन बनाने की कोशिश कर रहे थे। ईरान ने पहले ही दो देशों – जापान और दक्षिण कोरिया – को इस मार्ग से सुरक्षित गुजरने का ऑफर देकर अपने पाले में कर लिया है। इसका मतलब है कि ये देश अब ट्रंप के गठबंधन में शामिल होने की संभावना से बाहर हैं।
जापान को ईरान का ‘ग्रीन सिग्नल’
ईरान ने जापानी जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति देने की बात कही है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने क्योडो न्यूज से बातचीत में कहा, “हमने जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया है। यह केवल उन देशों के लिए बंद है जो हम पर हमला कर सकते हैं। अन्य देशों के जहाज सुरक्षित रूप से गुजर सकते हैं।” उन्होंने बताया कि जापान को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने के लिए ईरान बातचीत कर रहा है। जापान अपने तेल का 90% से अधिक हिस्सा मध्य पूर्व से आयात करता है, इसलिए यह कदम बेहद अहम माना जा रहा है।
दक्षिण कोरिया के साथ ईरान की बातचीत
दक्षिण कोरिया ने भी ईरान सहित कई देशों के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को सामान्य बनाने के लिए बातचीत तेज कर दी है। दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि सरकार मिडिल ईस्ट में डेवलपमेंट पर नजर रख रही है और नागरिकों की सुरक्षा एवं एनर्जी ट्रांसपोर्ट रूट को सुरक्षित करने के तरीकों पर काम कर रही है। ईरान की तैयारियों के चलते दक्षिण कोरिया के लिए यह समुद्री मार्ग जल्दी खुल सकता है।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
