IPL 2026: जयपुर के मैदान पर आया वैभव सूर्यवंशी का तूफान, 15 गेंदों में फिफ्टी जड़कर रचा इतिहास, बड़े-बड़े दिग्गजों के रिकॉर्ड हुए चकनाचूर

जयपुर: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के रोमांच के बीच राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने वो कारनामा कर दिखाया है, जिसकी कल्पना क्रिकेट के गलियारों में शायद ही किसी ने की होगी। शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेलते हुए इस ‘सुपर किड’ ने अपनी बल्लेबाजी से ऐसी सुनामी लाई कि विरोधी गेंदबाज असहाय नजर आए। वैभव ने न केवल मैदान के चारों ओर छक्कों की बरसात की, बल्कि एक ऐसा ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे दुनिया के बड़े-बड़े धुरंधर अपने पूरे करियर में एक बार भी हासिल नहीं कर सके।

मात्र 15 गेंदों में फिफ्टी: वैभव के बल्ले से निकले 7 आसमानी छक्के

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पारी की शुरुआत करते ही वैभव सूर्यवंशी ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। प्रभुल हिंगे के पहले ही ओवर से वैभव ने आक्रामक रुख अपनाया और देखते ही देखते महज 15 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया। इस तूफानी पारी के दौरान वैभव के बल्ले से केवल 1 चौका निकला, लेकिन उन्होंने 7 गगनचुंबी छक्के जड़कर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी इस पारी ने हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया।

आधे ही सीजन में 3 बार किया कमाल, दिग्गजों को छोड़ा पीछे

वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने एक ही सीजन के भीतर तीसरी बार 15 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया है। क्रिकेट के इतिहास में कई ऐसे महान बल्लेबाज हुए हैं जो अपने पूरे आईपीएल करियर में एक बार भी 15 गेंदों पर पचासा नहीं जड़ पाए, लेकिन वैभव ने महज आधे सीजन में ही यह कारनामा तीन बार कर दिखाया। इससे पहले इसी टूर्नामेंट में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ भी 15-15 गेंदों में ही अर्द्धशतक ठोककर सनसनी फैला दी थी।

जैक फ्रेजर-मैकगर्क और यूसुफ पठान जैसे नाम रह गए पीछे

आईपीएल के इतिहास पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर-मैकगर्क ने साल 2024 में दो बार 15 गेंदों पर अर्द्धशतक लगाया था, जो अब तक की बड़ी उपलब्धि मानी जाती थी। वहीं यूसुफ पठान (2014), सुनील नरेन (2017), निकोलस पूरन (2023) और अभिषेक शर्मा (2024) जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों ने अपने करियर में केवल एक-एक बार ही 15 गेंदों पर अर्द्धशतक जड़ने का गौरव हासिल किया है। वैभव ने इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

Check Also

संजू सैमसन के बल्ले की गूंज पर शशि थरूर ने लिखी कविता, सुरेश रैना भी हुए मुरीद—सोशल मीडिया पर छाया जलवा

भारतीय क्रिकेट में जब भी स्टाइल और क्लास की बात होती है, तो Sanju Samson …