मुंबई: अपनी हाजिरजवाबी और शानदार होस्टिंग से सबका दिल जीतने वाले मनीष पॉल इस समय अपनी भक्ति और सादगी को लेकर चर्चा में हैं। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर मनीष ने अपने घर पर भव्य कन्या पूजन का आयोजन किया। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों और वीडियो में मनीष का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है, जिसकी प्रशंसक जमकर तारीफ कर रहे हैं।
नन्हीं कंजकाओं के पैर धोते दिखे मनीष, वीडियो वायरल
मनीष पॉल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पूजा की कुछ झलकियां साझा की हैं। एक दिल छू लेने वाले वीडियो में मनीष पूरी श्रद्धा के साथ नन्हीं कन्याओं के पैर धोते नजर आ रहे हैं। इसके बाद उन्होंने विधिवत तिलक लगाकर और चुनरी ओढ़ाकर कन्याओं का पूजन किया। मनीष ने इस पोस्ट के साथ ‘जय माता दी’ का जयघोष किया है। उनकी इस सादगी ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है और लोग उन्हें एक ‘जमीनी कलाकार’ बता रहे हैं।
गिफ्ट्स की सोशल मीडिया पर डिमांड, क्या है उन ‘काले बैग’ में?
पूजा के बाद मनीष ने कन्याओं को विदा करते समय खास उपहार भी दिए। तस्वीरों में कन्याएं हाथों में स्टाइलिश ‘काले रंग के बैग’ थामे नजर आ रही हैं। इन गिफ्ट्स को देखकर फैन्स इतने एक्साइटेड हो गए कि कमेंट सेक्शन में डिमांड की झड़ी लग गई। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए पूछा, “मनीष भाई, इन बैग्स के अंदर क्या है? हमें भी ऐसी ही कंजक बनना है!” वहीं एक अन्य फैन ने लिखा, “इतनी दुआएं मिल रही हैं, अब तो मनीष को कामयाब होने से कोई नहीं रोक सकता।”
वर्कफ्रंट: 2026 में ‘वन’ से करेंगे धमाका
मनीष पॉल के करियर की बात करें तो वह छोटे और बड़े पर्दे दोनों पर सक्रिय हैं। साल 2025 में फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में उनके काम को काफी सराहा गया था। साल 2026 में उनकी फिल्म ‘वन’ (One) कतार में है, जिसे लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। हालांकि मनीष बतौर सोलो लीड अभी भी एक बड़ी हिट की तलाश में हैं, लेकिन सपोर्टिंग रोल और होस्टिंग के मामले में उनका कोई सानी नहीं है।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
