IPL 2026 में KKR पर चोटों का डबल अटैक! हर्षित राणा के बाद अब आकाश दीप भी बाहर, तेज गेंदबाजी संकट गहराया

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। टीम की तेज गेंदबाजी यूनिट एक के बाद एक झटके झेल रही है। पहले हर्षित राणा चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हुए और अब टीम को एक और बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाश दीप भी आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम के संतुलन पर बड़ा असर पड़ना तय माना जा रहा है।

KKR की तेज गेंदबाजी पर संकट गहराया

केकेआर ने इस सीजन की नीलामी में आकाश दीप को एक करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उनका बाहर होना टीम के लिए चिंता का विषय बन गया है। पहले से ही मथीशा पथिराना की फिटनेस को लेकर संशय बना हुआ है, जिससे तेज गेंदबाजी आक्रमण लगभग अधूरा नजर आ रहा है।

रिहैब में चल रहा है आकाश दीप का इलाज

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आकाश दीप इस समय BCCI Centre of Excellence में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि उनकी चोट को लेकर अभी तक आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। 18 मार्च से शुरू हुए केकेआर के ट्रेनिंग कैंप में भी वह शामिल नहीं हो सके, जिससे उनके बाहर होने की अटकलों को बल मिला।

IPL करियर और प्रदर्शन पर एक नजर

आकाश दीप ने आईपीएल में अब तक सीमित मौके ही पाए हैं। उन्होंने 2022 में डेब्यू किया था और अब तक 14 मुकाबलों में 10 विकेट अपने नाम किए हैं। हालांकि उनकी इकॉनमी 11.83 रही है, जो टीम के लिए चिंता का कारण रही। वह पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जायंट्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। घरेलू क्रिकेट में वह बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं और भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में भी अपनी छाप छोड़ चुके हैं।

सीजन की शुरुआत में ही कड़ी चुनौती

तीन बार की चैंपियन केकेआर को आईपीएल 2026 की शुरुआत में ही कड़ी परीक्षा का सामना करना होगा। टीम अपना पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। इसके बाद 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और 6 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर मुकाबले होंगे।

टीम मैनेजमेंट के सामने बड़ी चुनौती

लगातार चोटों से जूझ रही केकेआर के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपने गेंदबाजी आक्रमण को संतुलित करने की है। अगर पथिराना भी पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो टीम को नए विकल्पों की तलाश करनी पड़ सकती है।

Check Also

रोहित शर्मा भी अफगानिस्तान ODI सीरीज से बाहर? विराट कोहली के बाद टीम इंडिया को बड़ा झटका, हार्दिक पंड्या पर भी सस्पेंस

भारतीय क्रिकेट टीम में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी ODI सीरीज से पहले बड़े …