मुजफ्फरनगर में सीएम योगी का मेगा शो: शहर फूलों से सजा, रोजगार मेले में 10 हजार नौकरियों का ऐलान, RLD विधायक को गेट से ही रोका गया

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को हेलीकॉप्टर से मुजफ्फरनगर पहुंचे तो पूरा शहर उनके स्वागत में सजा नजर आया। पुलिस लाइन हेलीपैड से निकलते ही उनका काफिला अंसारी रोड के रास्ते जिला अस्पताल स्थित अहिल्याबाई चौक पहुंचा, जहां उन्होंने माता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद उनका काफिला मेरठ रोड, शिव चौक और मीनाक्षी चौक होते हुए नुमाइश ग्राउंड पहुंचा, जहां भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।

रोजगार मेले में युवाओं को बड़ा मौका

नुमाइश ग्राउंड में आयोजित वृहद रोजगार मेले का मुख्यमंत्री ने उद्घाटन किया। इस मेले के माध्यम से 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की बात कही गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी ने इसे खास बना दिया।

RLD विधायक को नहीं मिली एंट्री, गेट से लौटे

कार्यक्रम के दौरान उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के विधायक गुलाम मोहम्मद को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया। जैसे ही वे नुमाइश ग्राउंड पहुंचे, मुख्य गेट पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। अधिकारियों का कहना था कि अधिकृत सूची में उनका नाम शामिल नहीं है, इसलिए उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
सूत्रों के मुताबिक, न तो मंच पर और न ही दर्शक दीर्घा की सूची में उनका नाम था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भी सूची का हवाला देते हुए एंट्री से इनकार कर दिया, जिसके बाद विधायक को वापस लौटना पड़ा।

सीएम के आने से पहले नॉनवेज होटल बंद

सीएम के दौरे से पहले प्रशासन ने शहर के कई हिस्सों में नॉनवेज होटलों को बंद करा दिया। चंद्रा मार्केट और मीनाक्षी चौक सहित प्रमुख इलाकों में दुकानें बंद रहीं, जिससे शहर में अलग माहौल देखने को मिला।

“विदेशों में भी योगी मॉडल की चर्चा” – विक्रम सैनी

खतौली के पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने मंच से संबोधन में कहा कि अगर फ्रांस या लंदन में दंगे होते हैं तो वहां भी योगी मॉडल की मांग उठती है। उनके इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

शहर बना दुल्हन, हर चौराहे पर स्वागत

सीएम के स्वागत में पूरा रूट फूल-मालाओं, तिरंगे झंडों और बैनरों से सजा नजर आया। खासकर शिव चौक को देशभक्ति के रंग में रंगा गया, जहां बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जुटे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से निगरानी

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ऊंची इमारतों पर भी निगरानी रखी गई। ड्रोन कैमरों से पूरे इलाके पर नजर रखी गई, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

कई बड़े नेता रहे मौजूद

इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, कौशल विकास मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, मंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बिजनौर सांसद चंदन सिंह चौहान और प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में करीब 30 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान लगाया गया।

Check Also

CM योगी का गोरखपुर जनता दर्शन: 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, भू-माफियाओं और दबंगों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन …