गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान आयोजित जनता दर्शन में पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आर्थिक सहायता, चिकित्सा उपचार या आवास जैसी किसी भी मूलभूत जरूरत के लिए पात्र व्यक्ति को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकार हर जरूरतमंद के साथ मजबूती से खड़ी है।
इलाज के लिए मांगी मदद, सीएम बोले- मरीज की देखभाल करें, खर्च सरकार उठाएगी
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान कई लोगों ने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि मरीज के इलाज की चिंता छोड़कर उसकी देखभाल पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि संबंधित अस्पताल से उपचार का अनुमानित खर्च (एस्टिमेट) तैयार कराकर प्रस्तुत करें, सरकार हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए आर्थिक अभाव का सामना नहीं करने दिया जाएगा और आवश्यक होने पर सरकारी स्तर पर अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर, विवेकाधीन कोष से भी मिलेगी सहायता
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तत्काल बनवाए जाएं ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज की आवश्यकता आयुष्मान योजना की सीमा से अधिक होती है तो ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या लंबित न रहे और हर मामले का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
आवास की मांग लेकर पहुंचे लोगों को भी मिला आश्वासन
जनता दर्शन में कई लोग प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर की मांग लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार लगातार पात्र और जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवास संबंधी मामलों की जांच कर पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन में सुनीं समस्याएं
गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हर जरूरतमंद तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। स्वास्थ्य, आवास, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है ताकि कोई भी पात्र नागरिक सहायता से वंचित न रहे।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही दोनों का पालन किया जाए, जिससे लोगों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
