थलपति विजय का बड़ा एक्शन! CM बनते ही 717 शराब की दुकानों पर चला बुलडोजर, कमल हासन-विषाल ने जमकर की तारीफ

तमिलनाडु की राजनीति में नई शुरुआत कर चुके मुख्यमंत्री थलपति विजय अब पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दे रहे हैं। सत्ता संभालते ही विजय ने ऐसा फैसला लिया है, जिसकी पूरे राज्य में चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने स्कूलों, मंदिरों और बस स्टैंडों के आसपास चल रही 717 शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले को लेकर फिल्म इंडस्ट्री से लेकर आम जनता तक उनकी जमकर सराहना हो रही है। खास बात यह है कि सुपरस्टार कमल हासन और अभिनेता विशाल ने भी खुलकर विजय के फैसले का समर्थन किया है।

तमिलनाडु में शराब की दुकानों पर बड़ा फैसला

तमिलनाडु सरकार के लिए शराब बिक्री हमेशा से राजस्व का बड़ा जरिया रही है, लेकिन मुख्यमंत्री विजय ने सामाजिक प्रभाव को प्राथमिकता देते हुए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने साफ निर्देश दिए हैं कि धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों के पास स्थित शराब की दुकानों को जल्द से जल्द बंद किया जाए। अधिकारियों को दो सप्ताह के भीतर आदेश लागू करने को कहा गया है।

इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कई सामाजिक संगठनों और अभिभावकों ने भी मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत किया है।

कमल हासन ने कहा- सरकार का काम शराब बेचना नहीं

अभिनेता और नेता कमल हासन ने विजय के फैसले की खुलकर तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि तमिल परिवार लंबे समय से ऐसी ही कार्रवाई की उम्मीद कर रहे थे। उनके मुताबिक, पूजा स्थलों, स्कूलों और बस स्टैंडों के आसपास शराब की दुकानों का बंद होना बेहद जरूरी था।

कमल हासन ने कहा कि सरकार का काम शराब बेचने का नहीं, बल्कि शराब की बिक्री को नियंत्रित करने का होना चाहिए। उन्होंने विजय सरकार से इस अभियान को आगे बढ़ाने और आने वाले समय में और अधिक दुकानों को बंद करने की अपील भी की।

उन्होंने अपने संदेश में मुख्यमंत्री विजय को बधाई देते हुए कहा कि यह फैसला समाज के हित में लिया गया एक मजबूत कदम है।

अभिनेता विशाल ने भी किया समर्थन

अभिनेता विशाल ने भी मुख्यमंत्री विजय की सराहना करते हुए इसे जनता के हित में लिया गया शानदार फैसला बताया। उन्होंने कहा कि कई छात्राओं और महिलाओं को शराब की दुकानों के आसपास असुरक्षा और उत्पीड़न जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था।

विशाल ने एक छात्रा का उदाहरण देते हुए बताया कि आरके नगर इलाके में रहने वाली एक लड़की रोजाना TASMAC की दुकान के सामने से गुजरने को लेकर तनाव में रहती थी। ऐसे में सरकार का यह फैसला हजारों परिवारों और महिलाओं को राहत देगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री विजय को सलाम करते हुए कहा कि आम जनता इस फैसले को लंबे समय तक याद रखेगी।

जनता के बीच बढ़ी विजय की लोकप्रियता

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय लगातार ऐसे फैसले ले रहे हैं, जो सीधे जनता से जुड़े हुए हैं। शराब की दुकानों को बंद करने के फैसले को सामाजिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे विजय की लोकप्रियता और मजबूत हो सकती है।राज्य में अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आने वाले समय में तमिलनाडु सरकार शराब नियंत्रण को लेकर और भी सख्त फैसले ले सकती है।

Check Also

CM विजय का ‘थलापति’ अवतार: विधानसभा में जब ड्राइवर के बेटे ने मांगी साइन की इजाजत, तो मुख्यमंत्री के ‘फिल्मी स्वैग’ ने लूटी महफिल

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों एक ही नाम की गूंज है—थलापति विजय। अभिनेता …