नई दिल्ली। बॉक्स ऑफिस के रणमैदान में जब दो बड़े सूरमा टकराते हैं, तो नुकसान दोनों का होता है। लेकिन किस्मत जब मेहरबान हो, तो रास्ता खुद-ब-खुद साफ हो जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ है निर्देशक आदित्य धर की मच-अवेटेड फिल्म ‘धुरंधर 2’ के साथ। यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट टलने की खबर क्या आई, धुरंधर के मेकर्स के हौसले सातवें आसमान पर पहुंच गए हैं। अब बिना किसी बड़ी टक्कर के, मेकर्स ने सीधे 1000 करोड़ के क्लब पर निशाना साधते हुए अपना सबसे बड़ा पत्ता खोल दिया है।
मैदान हुआ साफ, अब मचेगा धुरंधर का शोर
सिनेमा प्रेमियों के बीच 19 मार्च की तारीख को लेकर पहले से ही भारी उत्साह था, लेकिन ‘टॉक्सिक’ के रेस से बाहर होते ही अब ‘धुरंधर 2’ के लिए मैदान पूरी तरह खाली है। जानकारों की मानें तो बिना किसी क्लैश के फिल्म को मिलने वाली स्क्रीन्स की संख्या अब दोगुनी हो जाएगी, जिसका सीधा असर फिल्म की ओपनिंग और लाइफटाइम कलेक्शन पर पड़ेगा। मेकर्स ने इस सुनहरे मौके को हाथ से न जाने देते हुए ट्रेलर रिलीज की तारीख का ऐलान कर दिया है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, 6 मार्च को फिल्म का ग्रैंड ट्रेलर दुनिया के सामने होगा।
टीजर की निराशा क्या ट्रेलर से होगी दूर?
बता दें कि बीते 3 फरवरी को जब ‘धुरंधर 2’ का टीजर रिलीज हुआ था, तो फैंस के हाथ थोड़ी मायूसी लगी थी। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे ‘बासी कंटेंट’ करार दिया था क्योंकि टीजर की झलकियां काफी हद तक पहली फिल्म के क्लाइमेक्स जैसी ही थीं। एक्साइटमेंट की जो लहर फिल्म के नाम से उठी थी, वो टीजर के बाद थोड़ी ठंडी पड़ती दिखी। अब सारा दारोमदार 6 मार्च को आने वाले ट्रेलर पर टिका है। क्या आदित्य धर इस बार अपनी ‘मिसाइल’ से बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर पाएंगे या यह दांव उल्टा पड़ेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
जीरो बजट का मास्टरप्लान: बिना पैसा खर्च किए 1000 करोड़ की तैयारी!
इस फिल्म से जुड़ी सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ‘धुरंधर 2’ को बनाने में मेकर्स की जेब से अतिरिक्त पैसा खर्च नहीं हुआ है। सुनकर अजीब लग सकता है, लेकिन यह सच है। दरअसल, ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ की शूटिंग एक साथ ही पूरी कर ली गई थी। शुरुआत में यह एक ही लंबी फिल्म थी, लेकिन संपादन के दौरान जब लंबाई बढ़ी, तो मेकर्स ने इसे दो भागों में बांटने का स्मार्ट फैसला लिया। यानी लागत एक फिल्म की और मुनाफा दो फिल्मों का। अब जबकि फिल्म के पास सोलो रिलीज का एडवांटेज है, तो 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करना मेकर्स के लिए महज एक औपचारिकता नजर आ रहा है।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
