Air India Flight Turbulence: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट हवा में बुरी तरह हिली, 12 घायल, यात्री बोला- ‘3 मिनट तक पलटता रहा विमान’

नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गई। तेज हवा के झटकों के कारण विमान कुछ समय के लिए अनियंत्रित होता दिखाई दिया और अचानक ऊंचाई खोने लगा। हालांकि पायलट की सूझबूझ से स्थिति पर काबू पा लिया गया और विमान को सुरक्षित दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतार लिया गया। इस घटना में यात्रियों और क्रू मेंबर्स सहित 12 लोग घायल हुए हैं।

टर्बुलेंस के दौरान मची अफरा-तफरी

समाचार एजेंसी के अनुसार, फ्लाइट में आए तेज झटकों से कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए। हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर पहुंचाया गया, जबकि सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य बताई गई और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।

यात्री ने बताया- ‘करीब तीन मिनट तक पलटता रहा विमान’

फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने घटना का आंखों देखा हाल साझा करते हुए बताया कि उड़ान भरने के लगभग डेढ़ घंटे बाद अचानक मौसम खराब हो गया। उस समय सुबह होने के कारण अधिकांश यात्री सो रहे थे। इसी दौरान विमान में तेज झटके शुरू हुए और करीब दो से तीन मिनट तक विमान बुरी तरह हिलता रहा। यात्री का दावा है कि ऐसा लग रहा था मानो विमान लगातार पलटियां खा रहा हो।

यात्री के मुताबिक, 15 से 20 लोगों को अपेक्षाकृत ज्यादा चोटें आईं, जबकि बड़ी संख्या में यात्रियों को मामूली चोटें लगीं। फ्लाइट में 100 से अधिक लोग सवार थे।

विमान की सीलिंग भी हुई क्षतिग्रस्त

घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में विमान की अंदरूनी छत (सीलिंग) के कुछ पैनल क्षतिग्रस्त और उनमें दरारें दिखाई दीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि टर्बुलेंस कितना तीव्र था। विमान के अंदर सामान रखने वाले हिस्सों और कुछ पैनलों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

एयर इंडिया ने क्या कहा

एयर इंडिया की ओर से जारी जानकारी में कहा गया कि फ्लाइट सुरक्षित दिल्ली पहुंच गई है। सभी यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है तथा घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। एयरलाइन पूरे मामले की समीक्षा कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

जांच शुरू, टर्बुलेंस की वजह खंगालेंगे अधिकारी

एविएशन अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि उड़ान के दौरान टर्बुलेंस कितना गंभीर था और विमान को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति क्या है। साथ ही सुरक्षा मानकों के तहत विमान का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा।

Check Also

RSS का मेगा यूथ आउटरीच! 100+ शहरों के 2,000 से अधिक Gen Z छात्रों से 6 अगस्त को संवाद करेंगे मोहन भागवत

मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत 6 अगस्त को देशभर के युवाओं …