T20 World Cup 2026: ‘ऑस्ट्रेलिया का खौफ खत्म हो गया’, महान मैक्ग्रा का तीखा हमला; गिलेस्पी बोले- सेलेक्टर्स के फैसले ‘दिमाग हिलाने वाले’

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का सफर शर्मनाक तरीके से पहले ही राउंड में खत्म हो गया है। 17 साल बाद आई इस बड़ी फजीहत ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में भूचाल ला दिया है। टीम के ग्रुप स्टेज से बाहर होते ही दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा और जेसन गिलेस्पी ने मोर्चा खोल दिया है। एक पॉडकास्ट के दौरान इन दिग्गजों ने चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की रणनीतियों की धज्जियां उड़ाते हुए साफ कहा कि अब दुनिया की टीमें ऑस्ट्रेलिया से डरती नहीं हैं।

“अब कोई हमसे नहीं डरता”: ग्लेन मैक्ग्रा का छलका दर्द

अपने जमाने के खूंखार गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा ने ‘द फास्ट बॉलिंग कार्टेल’ पॉडकास्ट में कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “ऑस्ट्रेलिया ने अपना वो पुराना दबदबा या ‘औरा’ खो दिया है। पहले टीमें हमारे खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले ही दबाव में होती थीं, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया का बाहर होना मेरे लिए चौंकाने वाला नहीं है, क्योंकि हमें शुरुआत से ही इस टीम की तैयारी पर चिंता थी।”

स्टीव स्मिथ और कैमरन ग्रीन पर छिड़ा विवाद

ऑस्ट्रेलिया की हार के बीच सबसे बड़ा मुद्दा दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को बाहर बैठाना रहा। मैक्ग्रा ने चयनकर्ताओं को आड़े हाथों लेते हुए सवाल उठाया, “जब कैमरन ग्रीन गेंदबाजी नहीं कर रहे थे, तो उन्हें स्टीव स्मिथ की जगह प्लेइंग इलेवन में क्यों रखा गया? क्या सेलेक्टर्स यह कहना चाहते हैं कि ग्रीन, स्मिथ से बेहतर बल्लेबाज हैं? यह तर्क समझ से बिल्कुल परे है।” गौरतलब है कि स्मिथ बिग बैश लीग (BBL) में शानदार फॉर्म में थे, लेकिन उन्हें मौका देने में बहुत देरी कर दी गई।

“दिमाग हिला देने वाला फैसला”: गिलेस्पी ने चयनकर्ताओं को घेरा

पूर्व पेसर जेसन गिलेस्पी ने मैट रेनशॉ को श्रीलंका के खिलाफ मैच से ड्रॉप करने पर कड़ी आपत्ति जताई। गिलेस्पी ने कहा, “यह फैसला पूरी तरह से दिमाग हिला देने वाला है। रेनशॉ ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 65 रन बनाए थे, इसके बावजूद उन्हें बाहर कर दिया गया। इसका कोई तुक नहीं बनता।” गिलेस्पी ने कूपर कॉनॉली और कैमरन ग्रीन की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि सेलेक्टर्स ने जिन युवाओं पर भरोसा जताया, वे उसे चुकाने में नाकाम रहे।

चोट और कप्तानी के फेर में फंसी ‘कंगारू’ टीम

बता दें कि इस वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया बदकिस्मती का भी शिकार रही। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड जैसे स्टार गेंदबाज चोट के कारण बाहर थे। मिचेल स्टार्क संन्यास ले चुके थे और नियमित कप्तान मिचेल मार्श के अनफिट होने की वजह से ट्रेविस हेड को कमान संभालनी पड़ी। टीम ने आयरलैंड को हराकर आगाज तो अच्छा किया था, लेकिन जिम्बाब्वे से 23 रन और श्रीलंका से 8 विकेट की हार ने उनकी पोल खोल दी। अंत में आयरलैंड बनाम जिम्बाब्वे मैच बारिश की भेंट चढ़ते ही ऑस्ट्रेलिया का बोरिया-बिस्तर बंध गया।

Check Also

रोहित शर्मा भी अफगानिस्तान ODI सीरीज से बाहर? विराट कोहली के बाद टीम इंडिया को बड़ा झटका, हार्दिक पंड्या पर भी सस्पेंस

भारतीय क्रिकेट टीम में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी ODI सीरीज से पहले बड़े …