PMMVY: यूपी ने रचा नया रिकॉर्ड, 102% से ज्यादा लक्ष्य हासिल, 4 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं का हुआ पंजीकरण

UP News: उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए तय लक्ष्य से भी अधिक प्रदर्शन किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 जुलाई तक प्रदेश ने 102.13 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है। इस उपलब्धि के पीछे महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं के समन्वित प्रयासों को अहम माना जा रहा है।

लक्ष्य से अधिक हुआ महिलाओं का पंजीकरण

प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 3,97,567 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया था। हालांकि विभागीय टीमों की सक्रिय कार्यशैली और जमीनी स्तर पर लगातार चलाए गए अभियान के चलते 31 जुलाई तक कुल 4,06,058 महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है। इस तरह उत्तर प्रदेश ने निर्धारित लक्ष्य का 102.13 प्रतिशत हासिल कर नई उपलब्धि अपने नाम कर ली।

आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की रही अहम भूमिका

योजना के सफल क्रियान्वयन में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव-गांव तक पहुंच बनाकर पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया गया, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सका।

डिजिटल मॉनिटरिंग से बढ़ी योजना की रफ्तार

सरकार की डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था और मिशन मोड में काम करने की रणनीति का भी इस सफलता में बड़ा योगदान रहा। ऑनलाइन निगरानी प्रणाली के जरिए पंजीकरण प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाया गया, जिससे पात्र महिलाओं तक सरकारी सहायता समय पर पहुंचने लगी।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मिलेगा और मजबूती

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बेहतर क्रियान्वयन से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को सरकारी सहायता का लाभ तेजी से मिल रहा है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच भी जमीनी स्तर तक और प्रभावी हुई है। प्रदेश का यह प्रदर्शन अन्य राज्यों के लिए भी एक सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है।

Check Also

UP News: योगी सरकार का बड़ा कदम, 15 अगस्त तक 15,613 आंगनबाड़ी केंद्र होंगे स्कूल परिसरों में शिफ्ट, बच्चों को मिलेगा बेहतर शिक्षण माहौल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रारंभिक शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने …