
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चर्चित ‘नीला ड्रम मर्डर केस’ में हर दिन ऐसे सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं, जो किसी फिल्मी थ्रिलर को भी पीछे छोड़ दें। पुलिस की तफ्तीश में अब वो ‘डिजिटल सबूत’ सामने आया है जिसने इस पूरी वारदात की क्रूरता को बेनकाब कर दिया है। पता चला है कि आरोपी बेटे अक्षत ने अपने पिता मानवेन्द्र सिंह की हत्या करने के बाद सबसे पहले अपनी गर्लफ्रेंड को स्नैपचैट पर लाश की फोटो भेजी थी।
स्नैपचैट पर ‘डेड बॉडी’ की फोटो और फिर फूट-फूटकर रोना
पुलिस सूत्रों और मानवेन्द्र के करीबियों से मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात वाले दिन तड़के करीब 4:30 बजे अक्षत ने अपने पिता को उनकी ही राइफल से मौत के घाट उतार दिया था। कत्ल के तुरंत बाद उसने पिता की लहूलुहान लाश की तस्वीर खींची और उसे स्नैपचैट के जरिए अपनी पार्टनर को भेज दिया। फोटो भेजने के बाद अक्षत फोन पर ही बुरी तरह रोने लगा था और सरेंडर करने की बात कह रहा था। हालांकि, बाद में अपनी बहन के भविष्य और खुद को बचाने की सनक में उसने लाश को नीले ड्रम में छिपाकर ठिकाने लगाने का खौफनाक फैसला लिया।
गर्लफ्रेंड का वो एक मैसेज और बन गया ‘डेथ वारंट’
इस मर्डर मिस्ट्री के पीछे की सबसे बड़ी वजह अक्षत का अफेयर और पिता की दखलअंदाजी बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि मानवेन्द्र को अक्षत की गलत आदतों और उसकी पार्टनर के बारे में पता चल गया था। घटना वाली रात मानवेन्द्र ने अक्षत की गर्लफ्रेंड को फोन कर कड़ी फटकार लगाई थी और उसे अपने बेटे से दूर रहने की चेतावनी दी थी। इसके बाद उस लड़की ने अक्षत का फोन उठाना बंद कर दिया और अंत में एक मैसेज भेजा— “जब तक तुम्हारे बाप हैं, हमारा कुछ नहीं हो सकता, पहले उनको समझाओ।” इस एक उकसावे भरे मैसेज ने अक्षत के गुस्से को ज्वालामुखी बना दिया और उसने अपने ही पिता को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
अवैध संबंध और मां की खुदकुशी का पुराना जख्म
सूत्रों के अनुसार, इस परिवार की नींव पहले ही खोखली हो चुकी थी। चर्चा है कि मानवेन्द्र सिंह की पत्नी ने पूर्व में जहर खाकर अपनी जान दी थी, जिसका कारण मानवेन्द्र के कथित अवैध संबंध थे। मानवेन्द्र की कई महिलाओं से दोस्ती थी और उनका घर पर भी आना-जाना था, जिससे परिवार में अक्सर विवाद होता था। पत्नी की मौत के बाद मानवेन्द्र और भी बेलगाम हो गए थे। हालांकि, मानवेन्द्र के परिजनों का कहना है कि उनका इस मामले से कोई सीधा लेना-देना नहीं है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
इश्क, सनक और कत्ल की खौफनाक दास्तान
अक्षत को लगा कि उसके पिता उसके प्यार के दुश्मन बन चुके हैं। वह अपनी पार्टनर के प्रभाव में इस कदर था कि उसे पिता का अनुशासन ‘कांटा’ लगने लगा। फिलहाल, पुलिस डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से स्नैपचैट चैट और उस मोबाइल डेटा को खंगाल रही है, जिसने इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की दिशा बदल दी है। लखनऊ पुलिस जल्द ही इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर सकती है।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया