
ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज 15 मिनट के भीतर दो स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। शुक्रवार रात भारतीय जूडो खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाया। पहले महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में अस्मिता डे ने कनाडा की हेइडी क्वाच को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इसके ठीक 15 मिनट बाद पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में हर्ष सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से शिकस्त देकर भारत की झोली में दूसरा स्वर्ण पदक डाल दिया।
इन दो स्वर्ण पदकों के साथ भारत ने पदक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की है। भारतीय दल के खाते में अब कुल 19 पदक हो गए हैं, जिनमें 5 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। इसी प्रदर्शन के दम पर भारत फिलहाल मेडल टैली में नौवें स्थान पर पहुंच गया है।
अस्मिता डे ने शानदार वापसी करते हुए जीता गोल्ड
त्रिपुरा की 23 वर्षीय अस्मिता डे ने महिला 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में शानदार जुझारूपन का परिचय दिया। मुकाबले की शुरुआत उनके लिए आसान नहीं रही। शुरुआती चरण में उन्होंने एक अंक गंवा दिया और इसके बाद उन्हें एक पेनल्टी भी मिली, जिससे कनाडा की हेइडी क्वाच ने मुकाबले पर बढ़त बना ली।
हालांकि अस्मिता ने दबाव में भी आक्रामक खेल जारी रखा। चार मिनट के मुकाबले के मध्य तक उन्होंने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद गोल्डन स्कोर में उन्होंने निर्णायक अंक हासिल करते हुए मुकाबला अपने नाम किया और भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया।
हर्ष सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को 10-0 से हराया
महिला वर्ग में गोल्ड मिलने के कुछ ही मिनट बाद पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में हर्ष सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में उनका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ काट्ज से हुआ, जिसमें भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। हर्ष ने एकतरफा अंदाज में 10-0 की जीत दर्ज कर भारत को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया।
भारत के 5 मुक्केबाजों ने फाइनल में बनाई जगह
भारतीय मुक्केबाजों ने भी कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। पांच भारतीय बॉक्सरों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही इन सभी खिलाड़ियों का कम से कम रजत पदक सुनिश्चित हो गया है, जबकि अब उनसे स्वर्ण पदक की उम्मीद भी बढ़ गई है।
पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह ने नामीबिया के फिलिप हाउसेब को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने जाम्बिया की कैथरीन म्वापे को 5-0 से शिकस्त दी। 57 किलोग्राम वर्ग में जैस्मीन लम्बोरिया ने लेसोतो की रेप्लेंग मसेला को आरएससी के आधार पर हराकर गोल्ड मेडल मुकाबले में जगह बनाई।
इसके अलावा अरुंधति चौधरी भी अपने वर्ग के फाइनल में पहुंच चुकी हैं। पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में अंकुश पंघाल ने कनाडा के जोशुआ ओफोरी को 5-0 से हराते हुए स्वर्ण पदक मुकाबले का टिकट हासिल किया। अंकुश ने तीनों राउंड में लगातार बढ़त बनाए रखी और प्रभावशाली जीत दर्ज की।
नीरज चोपड़ा पर रहेगी गोल्ड की नजर
अब भारतीय खेल प्रेमियों की निगाहें जेवलिन थ्रो फाइनल पर टिकी हैं। नीरज चोपड़ा का स्वर्ण पदक मुकाबला शुक्रवार देर रात 12:45 बजे शुरू होगा। फाइनल में उन्हें पाकिस्तान के मौजूदा ओलंपिक चैंपियन अरशद नदीम और श्रीलंका के रुमेश पाथिराजे से कड़ी चुनौती मिलेगी।
क्वालिफिकेशन राउंड में श्रीलंका के रुमेश पाथिराजे ने 82.84 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पहला स्थान हासिल किया था। वहीं नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर की दूरी तय करते हुए पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। क्वालिफाइंग राउंड में नीरज ने दो थ्रो किए थे और अब फाइनल में उनसे एक और यादगार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया