सीएम योगी आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में करेंगे 3 लाख पौधों का महाअभियान, दोपहर 2 बजे आगमन; शहरभर में ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस हाई अलर्ट पर

चंदौली जिले में आज बड़ा प्रशासनिक और पर्यावरणीय कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के डुमरी गांव पहुंचेंगे, जहां वे तीन लाख पौधे रोपण के महाअभियान में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

दोपहर 2 बजे पहुंचेगे मुख्यमंत्री, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

यातायात क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा के अनुसार मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दोपहर 2 बजे निर्धारित है। उनके आगमन को लेकर पड़ाव चौराहे समेत शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जिले की पूरी पुलिस फोर्स को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। एसपी के निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों को रिंग रोड से गुजरने के निर्देश

मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। बड़ी और मालवाहक गाड़ियों को रिंग रोड और हाईवे मार्ग से होकर जाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति न बने, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

चकिया तिराहा, गंजी प्रसाद मूर्ति, मुगलसराय, पड़ाव चौराहा, चौरहाट और रामनगर रिंग रोड जैसे प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ट्रैफिक पुलिस लगातार वाहनों को डायवर्ट कर रही है और आमजन से सहयोग की अपील की गई है।

3 लाख पौधों के रोपण से हरित संदेश

डुमरी गांव में आयोजित यह वृक्षारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। तीन लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य न केवल जिले के हरित क्षेत्र को बढ़ाएगा, बल्कि प्रदेश सरकार के हरित मिशन को भी मजबूती देगा। प्रशासन का दावा है कि यह अभियान क्षेत्र में पर्यावरण जागरूकता को नई दिशा देगा।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासनिक मशीनरी पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी हुई है।

Check Also

प्रयागराज में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका: एयरफोर्स स्टेशन के पास मची तबाही, 5 की मौत की सूचना; कई मकान ढहे, चारपाई पर घायलों को लेकर भागे लोग

प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को …