लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर शुक्रवार को देश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा सांसद हेमा मालिनी समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, दीर्घ और सफल जीवन की कामना करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
पीएम मोदी ने विकास और जनकल्याण के लिए सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति और विकास में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने हमेशा प्रदेशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और सर्वांगीण विकास को गति देने का प्रयास किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की।
अमित शाह बोले- सुशासन के नए मानक स्थापित कर रही डबल इंजन सरकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने ईश्वर से मुख्यमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना की।
राजनाथ सिंह ने बताया प्रगति और समृद्धि का नेतृत्वकर्ता
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें लोकप्रिय और कर्मठ नेता बताया। उन्होंने कहा कि योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, कानून व्यवस्था, विकास और जनकल्याण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राजनाथ सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प और अथक परिश्रम के कारण प्रदेश आज तेजी से प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि योगी आदित्यनाथ को बेहतर स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के लिए निरंतर ऊर्जा एवं शक्ति प्राप्त होती रहे।
नितिन गडकरी ने की मंगलमय जीवन की कामना
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु होने की प्रार्थना करते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की।
हेमा मालिनी ने साझा किया विकास का अनुभव
भाजपा सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मथुरा संसदीय क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री से उनकी नियमित चर्चा होती रहती है और उनका सहयोग हमेशा सकारात्मक रहा है।हेमा मालिनी ने कहा कि मथुरा के विकास को लेकर उनका और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन समान है। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रदेश और देश की सेवा के लिए लंबे समय तक सक्रिय रहने की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन की कामना की।
सोशल मीडिया पर भी छाया रहा योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के अवसर पर सोशल media प्लेटफॉर्म्स पर भी शुभकामनाओं का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विभिन्न माध्यमों से उन्हें बधाई संदेश भेजे। कई लोगों ने उत्तर प्रदेश में विकास, निवेश, कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उनके नेतृत्व की प्रशंसा की।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन इस बार भी राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का केंद्र बना रहा, जहां देश के कई प्रमुख नेताओं ने उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
Hindustan Awaaz – ताज़ा हिंदी समाचार, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया
