आलिया भट्ट की लेदर ड्रेस पर ‘अनुपमा’ का तीखा वार: रुपाली गांगुली ने वीडियो शेयर कर पूछा- क्या यही है जानवरों से प्यार?

नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट इन दिनों अपने फैशन चॉइस को लेकर विवादों के घेरे में हैं। मिलान फैशन वीक में उनके लुक की चर्चा तो खूब हुई, लेकिन अब इसी लुक ने उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स के निशाने पर ला खड़ा किया है। इस विवाद में अब टीवी की मशहूर ‘अनुपमा’ यानी रुपाली गांगुली भी कूद पड़ी हैं। रुपाली ने एक ऐसा वीडियो साझा किया है, जिसने आलिया के ‘एनिमल लव’ के दावों की पोल खोलकर रख दी है।

बछड़े के चमड़े से बनी ड्रेस: वीडियो में हुआ खौफनाक खुलासा
पूरा विवाद एक वायरल वीडियो से शुरू हुआ, जिसे साई लोहित नाम के यूजर ने बनाया था। इस वीडियो को रुपाली गांगुली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीशेयर किया। वीडियो में दावा किया गया है कि मिलान फैशन वीक में आलिया ने जो ड्रेस पहनी थी, उसे बनाने में 3 महीने के बछड़ों की खाल का इस्तेमाल हुआ था। वहीं, उनके जूतों के लिए 4 महीने के मेमनों की हत्या की बात कही गई है। रुपाली गांगुली, जो खुद एक बड़ी एनिमल लवर हैं, ने बिना कुछ कहे इस वीडियो को शेयर कर आलिया के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर दी है।

‘को-एग्जिस्ट’ पहल पर उठे गंभीर सवाल
आलिया भट्ट सोशल मीडिया पर अक्सर जानवरों के अधिकारों की बात करती हैं और उनका ‘को-एग्जिस्ट’ (Co-Exist) नाम का एक इनिशिएटिव भी है, जो इंसान और जानवरों के बीच तालमेल को बढ़ावा देता है। वीडियो में इसी बात को लेकर उन पर निशाना साधा गया। यूजर ने तीखे लहजे में पूछा, “तुम्हारी बिल्ली एडवर्ड तुम्हें प्यारी है, तो क्या तुम्हें बुरा नहीं लगेगा अगर कोई उसकी खाल से बैग बना ले? अगर ‘को-एग्जिस्ट’ का तुम्हारा यही विचार है, तो जानवरों का भगवान ही मालिक है।”

एक्सेसरीज और ब्रांड पर भी साधा निशाना
आलोचना केवल ड्रेस तक ही सीमित नहीं रही। आलिया के साथ दिखने वाले गुच्ची हॉर्सबिट 1955 शोल्डर बैग को भी जानवरों के शोषण का प्रतीक बताया गया। वीडियो में लग्जरी ब्रांड गुच्ची पर सांपों, मगरमच्छों, गायों और भेड़ों के शोषण का आरोप लगाया गया है। आलिया इस ब्रांड की ग्लोबल एंबेसडर हैं, इसलिए उन पर जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

स्मृति खन्ना को महसूस हुआ ‘गिल्ट’
रुपाली गांगुली के अलावा टीवी एक्ट्रेस स्मृति खन्ना ने भी इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दी। स्मृति ने लिखा कि इस वीडियो को देखने के बाद उन्हें बहुत शर्मिंदगी और गिल्ट (ग्लानि) महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह वीगन तो बन गई थीं, लेकिन अब भी लेदर का सामान इस्तेमाल कर रही थीं, जिसे अब वह बदलने की कोशिश करेंगी। फिलहाल, इस पूरे विवाद पर आलिया भट्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Check Also

अमिताभ बच्चन ने क्यों बेचा अपनी यादों का आशियाना? 23 करोड़ में बिका दिल्ली वाला ‘सोपान’, जहां बाबूजी रचते थे कविताएं

नई दिल्ली। बॉलीवुड के ‘शहंशाह’ अमिताभ बच्चन के पास आज मुंबई में ‘जलसा’ और ‘प्रतीक्षा’ …