Sharad Pawar Health Update: शरद पवार अस्पताल में भर्ती, बेटी सुप्रिया सुले ने बताया अब कैसी है उनकी सेहत?

पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) के प्रमुख और दिग्गज नेता शरद पवार को सोमवार को तबीयत बिगड़ने के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। 85 वर्षीय पवार को खांसी, सीने में जकड़न और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी। अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई, लेकिन उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने अब उनकी सेहत को लेकर एक राहत भरा अपडेट साझा किया है।

क्या है डॉक्टरों की राय?

रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. परवेज ग्रांट के अनुसार, शरद पवार का सीटी स्कैन किया गया, जिसमें छाती में संक्रमण (Chest Infection) पाया गया है। डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है। एहतियात के तौर पर उन्हें एक दिन के लिए अस्पताल में रखा गया है ताकि उनके स्वास्थ्य की बारीकी से जांच की जा सके।


सुप्रिया सुले का सोशल मीडिया पोस्ट: ‘पैरामीटर सामान्य हैं’

शरद पवार की तबीयत पर सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया मंच ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर प्रशंसकों को जानकारी दी। उन्होंने लिखा:

“बाबा को सीने में जकड़न हो गई है। उन्हें 5 दिन तक एंटीबायोटिक्स लेनी होंगी। सौभाग्य से बाकी सभी महत्वपूर्ण पैरामीटर (Vital Parameters) सामान्य हैं। आप सभी की शुभकामनाओं और डॉक्टरों के सहयोग के लिए हार्दिक धन्यवाद।”


डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार भी हालचाल जानने रवाना

शरद पवार की सेहत की खबर मिलते ही महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई। बारामती से पुणे के लिए राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार रवाना हो चुकी हैं। जानकारी के अनुसार, कल मुंबई में अपना आधिकारिक कार्यभार संभालने से पहले वे पुणे के अस्पताल जाकर शरद पवार का हालचाल जानेंगी।

मुंह के कैंसर को हरा चुके हैं ‘पवार साहेब’

पार्टी सूत्रों के अनुसार, शरद पवार जो पहले मुंह के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को मात दे चुके हैं, उन्हें हाल ही में गले में संक्रमण और लगातार खांसी की समस्या हो रही थी। सोमवार दोपहर जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तो वे खुद वाहन से उतरे थे, हालांकि सावधानी के तौर पर उन्हें व्हीलचेयर से अंदर ले जाया गया। उनके साथ उनकी बेटी सुप्रिया सुले और दामाद सदानंद सुले भी मौजूद हैं।

Check Also

28 साल बाद एशियन गेम्स में भारत को वेटलिफ्टिंग मेडल, मीराबाई चानू ने जीता सिल्वर; 198 किलो उठाकर रचा इतिहास

भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है। उन्होंने …