‘90% बॉलीवुड शादियां महज दिखावा’, प्रतीक बब्बर और प्रिया बनर्जी का फिल्म इंडस्ट्री पर तीखा हमला, ससुर राज बब्बर पर भी तोड़ी चुप्पी

नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेत्री दिवंगत स्मिता पाटिल और राज बब्बर के बेटे प्रतीक बब्बर (अब प्रतीक स्मिता पाटिल) और उनकी पत्नी प्रिया बनर्जी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी और बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में अपनी शादी में पिता राज बब्बर और भाई-बहनों को न बुलाने के फैसले पर उठ रहे सवालों के बीच, इस कपल ने अब फिल्म इंडस्ट्री के ‘झूठे दिखावे’ की पोल खोल दी है। प्रतीक और प्रिया ने न केवल अपनी शादी के विवाद पर बात की, बल्कि बॉलीवुड के रिश्तों की कड़वी सच्चाई भी उजागर की है।

‘लोग पूरा सच नहीं जानते, एक दिन फिल्म या किताब में आएगी सच्चाई’

प्रतीक बब्बर ने अपनी शादी में परिवार को शामिल न करने के फैसले पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। ‘मिस मालिनी’ को दिए इंटरव्यू में प्रतीक ने कहा कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली आलोचनाओं से उन्हें फर्क नहीं पड़ता। प्रतीक के अनुसार, “दुनिया केवल उतनी ही कहानी जानती है, जितनी दिखाई गई है। पर्दे के पीछे बहुत कुछ ऐसा है जो लोगों को नहीं पता। इंडस्ट्री के कुछ ही लोग असलियत जानते हैं। लेकिन घबराइए मत, एक दिन यह सच सबके सामने आएगा—चाहे वो किसी किताब के जरिए हो, किसी इंटरव्यू में या फिर किसी फिल्म की कहानी बनकर।” वहीं प्रिया बनर्जी ने भी पति का साथ देते हुए कहा कि इन विवादों ने उनके रिश्ते को और भी ज्यादा मजबूत बना दिया है।

‘बॉलीवुड की 90% शादियां सिर्फ इमेज के लिए होती हैं’

प्रिया बनर्जी ने फिल्म इंडस्ट्री के रिश्तों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बॉलीवुड की शादियों को ‘फेक’ बताते हुए कहा, “इंडस्ट्री की 90 प्रतिशत शादियां महज एक दिखावा हैं। मैं यह बात इसलिए कह रही हूं क्योंकि मैं अंदर की हकीकत जानती हूं। कई लोग अपनी इमेज बचाने के लिए शादी का नाटक करते हैं।” प्रिया ने सीनियर एक्टर्स पर भी निराशा जताई और कहा कि कनाडा से होने के नाते उन्हें भारत की संस्कृति पर गर्व है, लेकिन यहां शादी को एक मजाक बना दिया गया है। उन्होंने सलाह दी कि अगर आप ईमानदार नहीं रह सकते तो करियर पर ध्यान दें, पर किसी के साथ धोखे का रिश्ता न रखें।

‘धोखा देना अब कूल नहीं, आउट ऑफ फैशन हो गया है’

अपने नए म्यूजिक वीडियो ‘इश्क फकीर’ के प्रमोशन में जुटे प्रतीक बब्बर ने रिश्तों में बेवफाई पर भी अपनी राय रखी। प्रतीक ने कहा, “आज के दौर में धोखा देना या एक साथ कई पार्टनर रखना कूल नहीं माना जाता। यह अब आउट ऑफ फैशन हो चुका है। पत्नी और गर्लफ्रेंड दोनों का साथ होना अब मर्दानगी नहीं, बल्कि ओछापन है।” प्रतीक का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग उनके निजी जीवन के अनुभवों से जोड़कर देख रहे हैं। प्रिया बनर्जी ने भी दो टूक कहा कि उनकी संस्कृति बॉलीवुड के दिखावे से कहीं ज्यादा मजबूत और सच्ची है।

Check Also

धुरंधर एक्टर राकेश बेदी का बड़ा खुलासा: आदित्य धर की फिल्म ठुकराई, बेटी ने बदलवा दिया फैसला

बॉलीवुड के अनुभवी और दमदार अभिनेता राकेश बेदी ने हाल ही में एक चौंकाने वाला …