दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा हंगामा: CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका समर्थकों समेत हिरासत में

राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बार फिर जबरदस्त राजनीतिक ड्रामा और हंगामा देखने को मिला है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रमुख नेताओं—सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस और सुरक्षाबलों की सख्त पहरेदारी के बावजूद ये नेता बैरिकेड्स और गेट फांदकर जंतर-मंतर परिसर के अंदर पहुंच गए थे और नारेबाजी शुरू कर दी थी।

गेट और बैरिकेड्स फांदकर जंतर-मंतर पहुंचे थे प्रदर्शनकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे जेडीयू दफ्तर की तरफ से सीजेपी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका अपने दर्जनों समर्थकों के साथ अचानक जंतर-मंतर के पास पहुंच गए। पुलिस द्वारा इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था और धारा 163 लागू होने के बावजूद इन लोगों ने सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए गेट और बैरिकेड्स फांद दिए। परिसर के भीतर दाखिल होते ही सभी ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं और उनके समर्थकों को हिरासत में ले लिया। आशुतोष रांका के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस पूरी घटना का वीडियो भी शेयर किया गया है।

शनिवार को हुई थी प्रिवेंटिव अरेस्ट और रविवार को रिहाई

आपको बता दें कि CJP नेताओं का यह विरोध प्रदर्शन पिछले कई दिनों से जारी है। इससे पहले शनिवार को मुंबई से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरते ही सीजेपी के तीनों नेताओं—अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पुलिस ने प्रिवेंटिव अरेस्ट (एहतियातन हिरासत) कर लिया था। इसके अगले दिन यानी रविवार को उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था, जहां 50 हजार रुपये का मुचलका (बॉन्ड) भरने के बाद उन्हें रिहाई मिली थी। हालांकि, रिहा होने के बाद एक बार फिर ये नेता विरोध प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतर आए। इस बीच अभिजीत दिपके अपनी दादी के निधन के कारण घर वापस लौट चुके हैं, जबकि सौरव दास और आशुतोष रांका ने जंतर-मंतर पर मोर्चा संभाला।

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ी CJP, कड़े प्रतिबंध जारी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का साफ कहना है कि उनका यह विरोध प्रदर्शन तब तक नहीं थमेगा जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते। इस आंदोलन के चलते दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के करीब 45 स्टेशन लगभग 25 घंटे तक बंद रखे गए थे और कई ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई थी।

इसके अलावा, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शनों पर पूरी तरह रोक लगाने का नया आदेश जारी किया है। अब प्रदर्शनों के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के CBD ग्राउंड को ही अधिकृत किया गया है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही कई बड़े राजनीतिक दिग्गजों और हजारों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है, तथा विपक्षी दलों के प्रदर्शनों को लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई है।

Check Also

कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम: कहा- अनुमति न मिली तो फिर करेंगे आंदोलन

  मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देश की …