
साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज से पहले आयोजित प्री-रिलीज इवेंट में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम के दौरान साउंड सिस्टम का एक स्पीकर स्टैंड अचानक जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक स्टूडेंट भी शामिल है। बताया जा रहा है कि हादसे में छात्र का पैर टूट गया। घटना के बाद पुलिस ने इवेंट के वेन्यू और इवेंट मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यश के सामने हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी
यह घटना शनिवार रात तेलंगाना के मेडचल स्थित मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में आयोजित ‘टॉक्सिक’ के प्री-रिलीज कार्यक्रम के दौरान हुई। उस वक्त फिल्म के लीड एक्टर यश भी मंच पर मौजूद थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इसी दौरान साउंड बॉक्स सिस्टम का स्टैंड गिर गया और उसके आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं।
स्पीकर स्टैंड पर चढ़े थे कुछ लोग
पुलिस ने पीटीआई को दी जानकारी में बताया कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग स्पीकर के स्टैंड पर चढ़े हुए थे। इसी दौरान स्पीकर का स्टैंड जमीन पर गिर गया। हादसे में चार लोगों को चोटें आईं। घायलों में एक छात्र भी है, जिसका पैर टूटने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम का आयोजन एक निजी विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा था। हादसे के कारणों और कार्यक्रम में सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है।
वेन्यू और इवेंट मैनेजर के खिलाफ केस
हादसे के बाद साइबराबाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इवेंट के वेन्यू और इवेंट मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और स्पीकर स्टैंड के गिरने की वजह क्या थी।
फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आयोजन की व्यवस्थाओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।
रिलीज से पहले चर्चा में ‘टॉक्सिक’
यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ लंबे समय से दर्शकों के बीच चर्चा में है। फिल्म की रिलीज से पहले आयोजित यह कार्यक्रम प्रमोशन के लिहाज से अहम था, लेकिन हादसे ने पूरे आयोजन को सुर्खियों में ला दिया। कार्यक्रम में मौजूद यश के सामने ही दुर्घटना होने से मौके पर मौजूद लोगों में भी चिंता का माहौल बन गया।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया