
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित 5 दिवसीय ‘यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026’ (UPITS 2026) के चौथे संस्करण का भव्य उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से किया। इस अंतरराष्ट्रीय मंच से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में सपा-बसपा शासनकाल के दौरान फैली गुंडागर्दी और माफिया राज को योगी सरकार ने पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है। उन्होंने कहा कि कभी अवैध तमंचे और कट्टा निर्माण के लिए जाने जाने वाले उत्तर प्रदेश में आज अत्याधुनिक डिफेंस कॉरिडोर बन चुका है, जहां अमेठी में बनी राइफलें और यूपी में बनी ब्रह्मोस मिसाइलें देश की सुरक्षा को मजबूत कर रही हैं।
मंच पर दिखी सियासी केमिस्ट्री, एक ही गाड़ी में सवार होकर किया परिसर का दौरा
उद्घाटन समारोह के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच की बेहतरीन जुगलबंदी और केमिस्ट्री चर्चा का मुख्य केंद्र बनी रही। दोनों शीर्ष नेताओं ने एक ही गोल्फ कार्ट में एक साथ बैठकर पूरे एक्सपो सेंटर और ट्रेड शो परिसर का जायजा लिया। मंच पर भी दोनों नेता काफी देर तक विभिन्न विकासात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा करते नजर आए। अमित शाह ने यूपी की इस औद्योगिक क्रांति को ‘मणि-कंचन योग’ करार देते हुए कहा कि पहले जहां डर के कारण निवेशक प्रदेश आने से हिचकिचाते थे, वहीं अब भयमुक्त माहौल और मजबूत बुनियादी ढांचे की वजह से उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है।
ग्लोबल हब बना नया यूपी: 2,400 प्रदर्शक और 85 से ज्यादा देश शामिल
ग्रेटर नोएडा में आयोजित इस 5 दिवसीय व्यापारिक महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के कारीगरों, एमएसएमई (MSME) क्षेत्र, स्टार्टअप्स और ‘एक जिला-एक उत्पाद’ (ODOP) के बेहतरीन शिल्पों को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है। इस बार के ट्रेड शो में वियतनाम, जापान, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस जैसे देश पार्टनर कंट्री के रूप में हिस्सा ले रहे हैं। एक्सपो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक और 85 से अधिक देशों के 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदार भाग ले रहे हैं। गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने और देश के विकास को नई रफ्तार देने में मील का पत्थर साबित होगा।
Hindustan Awaaz – Hindustan Newspaper, ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, देश-दुनिया